टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में नहीं आएगी बांग्लादेश टीम? भारत में खेलने से इनकार की रिपोर्ट से मचा हलचल
टी-20 वर्ल्ड कप 2026
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत नहीं आएगी बांग्लादेश टीम?
डेली स्टार की रिपोर्ट से मचा क्रिकेट जगत में हड़कंप
BCB अधिकारी के हवाले से सामने आई बड़ी जानकारी

नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बांग्लादेश की टीम भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबले खेलने के लिए भारत नहीं आएगी। बांग्लादेशी अखबार द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से जुड़े हालिया घटनाक्रम के बाद लिया है।
हालांकि, BCB की ओर से अभी तक इस फैसले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन बांग्लादेश की यूनुस सरकार में खेल सलाहकार (खेल मंत्री) आसिफ नजरुल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस निर्णय का स्वागत किया है
मुस्तफिजुर रहमान विवाद बना फैसले की वजह
रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से बाहर किए जाने के बाद हालात बिगड़े। 3 जनवरी को KKR ने मुस्तफिजुर को अपनी टीम से रिलीज कर दिया था। बताया गया कि BCCI ने फ्रेंचाइजी को उन्हें टीम से हटाने का निर्देश दिया था।

दरअसल, बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा को लेकर भारत में विरोध तेज हो गया था। इसके चलते सोशल मीडिया और राजनीतिक स्तर पर मुस्तफिजुर को IPL से बाहर करने की मांग उठी। इसके बाद BCCI ने KKR को उन्हें रिलीज करने का आदेश दिया।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा था कि हालिया घटनाक्रम को देखते हुए यह फैसला लिया गया है और अगर KKR किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी को शामिल करना चाहेगी, तो बोर्ड इसकी अनुमति देगा।
BCB ने ICC से श्रीलंका में मैच कराने की मांग की
मुस्तफिजुर को IPL से हटाए जाने के बाद BCB ने कड़ा रुख अपनाया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से अनुरोध किया है कि उसके सभी वर्ल्ड कप मुकाबले श्रीलंका में आयोजित किए जाएं
अब अंतिम फैसला ICC को लेना है कि बांग्लादेश के मैच भारत में होंगे या श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएंगे। हालांकि, यह फैसला आसान नहीं माना जा रहा है क्योंकि टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का शेड्यूल पहले से तय है और सभी टीमों की यात्रा व होटल बुकिंग भी हो चुकी हैं।
भारत में शेड्यूल हैं बांग्लादेश के सभी मैच

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में होना है। बांग्लादेश के ग्रुप स्टेज के चारों मुकाबले भारत में ही रखे गए हैं। इनमें से तीन मैच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में और एक मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है।
अगर बांग्लादेश भारत आने से इनकार करता है, तो टूर्नामेंट के शेड्यूल में बड़े बदलाव की संभावना बन सकती है।
बांग्लादेश में हिंसा ने बढ़ाई तल्खी
पिछले 15 दिनों में बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें चार हिंदुओं की हत्या की पुष्टि हुई है। इसी पृष्ठभूमि में भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों और क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ नाराजगी देखी गई।
इस पूरे मामले ने खेल और राजनीति के बीच तनाव को और गहरा कर दिया है, जिसका असर अब अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट पर पड़ता नजर आ रहा है।
बांग्लादेश का ग्रुप सबसे कठिन
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। हर टीम अपने ग्रुप में चार लीग मैच खेलेगी। लीग स्टेज के बाद हर ग्रुप से दो-दो टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी।
बांग्लादेश ग्रुप-सी में है, जिसे टूर्नामेंट का सबसे मुश्किल ग्रुप माना जा रहा है। इस ग्रुप में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका जैसी दिग्गज टीमें शामिल हैं। ये सभी टीमें टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेल चुकी हैं, जबकि बांग्लादेश आज तक किसी भी वर्ल्ड कप फाइनल में नहीं पहुंच सका है।
टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल

ग्रुप स्टेज के मुकाबले 7 फरवरी से 19 फरवरी तक खेले जाएंगे, जिसमें हर दिन तीन मैच होंगे। 20 फरवरी को एक ही मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद 21 फरवरी से सुपर-8 राउंड शुरू होगा। टूर्नामेंट के मैच सुबह 11 बजे, दोपहर 3 बजे और शाम 7 बजे खेले जाएंगे।
अब सभी की नजरें ICC के फैसले पर टिकी हैं, जो यह तय करेगा कि बांग्लादेश के मैच भारत में होंगे या श्रीलंका में। यह मामला आने वाले दिनों में टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की सबसे बड़ी सुर्खी बन सकता है।
पटना से भूमि आर्या की रिपोर्ट
