बांग्लादेश को बीजेपी का अल्टीमेटम, सांसद विवेक ठाकुर बोले- हिंदुओं पर अत्याचार बंद नहीं हुआ तो, नक्शे से मिटेगा बांग्लादेश…

03

पटना/ नवादा।बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार को लेकर भारत में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्र सरकार के साथ-साथ अब भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) के नेता भी इस मुद्दे पर खुलकर और आक्रामक रुख अपनाते नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में बिहार बीजेपी के नवादा से सांसद विवेक ठाकुर ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान बांग्लादेश को लेकर बेहद सख्त और चेतावनी भरा बयान दिया,

जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। विवेक ठाकुर ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को भारत सरकार गंभीरता से देख रही है और इस मामले में चुप बैठने वाली नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि आने वाले समय में बांग्लादेश की स्थिति में सुधार नहीं होता है और हिंदुओं पर हमले जारी रहते हैं, तो भारत सरकार को मजबूरन सख्त कदम उठाने पड़ेंगे। उनके अनुसार, यह केवल एक कूटनीतिक या अंतरराष्ट्रीय मुद्दा नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं से जुड़ा विषय है। बीजेपी सांसद ने पाकिस्तान के खिलाफ हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह भारत ने उस दौरान निर्णायक कार्रवाई की थी और पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया था, उसी तरह या उससे भी बड़ा फैसला बांग्लादेश के मामले में लिया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार नहीं रुका, तो “नक्शे से बांग्लादेश का नाम मिट सकता है।” उनके इस बयान को अब तक की सबसे कड़ी राजनीतिक चेतावनियों में से एक माना जा रहा है।


विवेक ठाकुर ने बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति को “छिन्न-भिन्न” बताते हुए कहा कि वहां हालात पूरी तरह अस्थिर हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लोग घुसपैठ कर चुके हैं, जिससे देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक ताना-बाना बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस को भी कठघरे में खड़ा किया। विवेक ठाकुर ने कहा कि बांग्लादेश के लोग खुद मोहम्मद यूनुस को अल्टीमेटम दे चुके हैं, जिससे साफ है कि वहां की जनता भी मौजूदा हालात से खुश नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अंतरिम सरकार अपने ही नागरिकों को सुरक्षा नहीं दे पा रही है, तो अल्पसंख्यकों की रक्षा कैसे करेगी। बीजेपी सांसद ने यह भी कहा कि भारत दक्षिण एशिया का सबसे मजबूत देश है और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने में उसकी अहम भूमिका है। विवेक ठाकुर के इस बयान के बाद बिहार सहित कई राज्यों में हिंदू संगठनों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। बिहार में विभिन्न हिंदू संगठनों ने सड़कों पर उतरकर बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अब सिर्फ बयान नहीं, बल्कि ठोस कदम उठाने का समय आ गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विवेक ठाकुर का यह बयान न केवल बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर चल रही बहस को और तेज करेगा, बल्कि भारत-बांग्लादेश संबंधों पर भी इसका असर पड़ सकता है।

निषकर्ष भारत

आपका खबर सब तक और सबका खबर आप तक

You may have missed