कोलकाता दुर्गा पूजा भगदड़ में 19 की मौत, CM शुभेंदु अधिकारी ने किया मुआवजे का ऐलान; PM मोदी देंगे 2 लाख
कोलकाता दुर्गा पूजा भगदड़ में 19 की मौत
निष्कर्ष भारत संवाददाता- कोलकाता-पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने उत्सव को मातम में बदल दिया। उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मुताबिक, घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। पूजा आयोजक क्लब के पदाधिकारियों, निजी सुरक्षा गार्डों और ड्यूटी पर तैनात कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार ने मृतकों के परिवारों को 25 लाख रुपये और एक सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है। घायलों को 5 लाख रुपये की सहायता और उनके इलाज का पूरा खर्च उठाने की भी घोषणा की गई है।
भारी बारिश के बीच कैसे मची भगदड़?
यह हादसा शनिवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुआ। सप्तमी के अवसर पर पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान भारी बारिश और बिजली चमकने के बीच वहां भीड़ बढ़ गई।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुरुआती जानकारी के आधार पर बताया कि आयोजकों की ओर से की गई एक घोषणा के बाद लोगों में अफरा-तफरी मची और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पंडाल की स्थिति को लेकर की गई एक घोषणा से भी लोगों में घबराहट फैलने की आशंका है। हालांकि, घटना के सटीक कारणों और घोषणा के पीछे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, बारिश से बचने के लिए बाहर इंतजार कर रहे लोग अचानक पंडाल की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान कुछ लोग सड़क पर गिर पड़े और उनके पीछे मौजूद भीड़ भी संभल नहीं पाई। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई।
19 लोगों की मौत, 25 घायल; एक की हालत गंभीर
भगदड़ के बाद घायलों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल जाकर घायलों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
निष्पक्ष ख़बर देखिये हमारे यूट्यूब चैनल पर: Jan Suraj का दावा,NDA के पास कोई चुनावी मुद्दा नहीं, इसलिए पैसे और फोटो के नाम पर फैला रहे भ्रम
मुख्यमंत्री के अनुसार, हादसे में 19 लोगों की जान गई है। 25 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई। प्रशासन ने मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की।
घटना के बाद पुलिस ने पंडाल को बंद करा दिया। अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच शुरू की है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भगदड़ किन परिस्थितियों में हुई और सुरक्षा इंतजामों में कोई कमी थी या नहीं।
आयोजक क्लब के पदाधिकारी और सुरक्षा कर्मी हिरासत में
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी और जिम्मेदारी तय होने के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे। इस मामले में पूजा आयोजक क्लब के पदाधिकारियों, निजी सुरक्षा गार्डों और ड्यूटी पर मौजूद कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।

श्रद्धालुओं ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। कुछ लोगों का आरोप है कि पंडाल में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। हालांकि, सुरक्षा में लापरवाही हुई या नहीं, इसका अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।
प्रशासन ने कोलकाता के कई अन्य बड़े और भीड़ जुटाने वाले थीम पूजा पंडालों को भी अस्थायी रूप से बंद करने की सलाह दी है। शहर में दुर्गा पूजा के दौरान करीब 3,500 पंडाल लगाए जाते हैं। ऐसे में दूसरे पंडालों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है।
PM मोदी ने 2 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता भगदड़ की घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
खबरें हमारे फेसबुक पर भी, लगातार खबरों के लिए फेसबुक से जुड़े
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को PMNRF से 2 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी घटना पर शोक जताया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बात कर स्थिति की जानकारी ली और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हादसे के बाद उन्होंने रविवार को पश्चिम बंगाल में अपने पहले से तय कार्यक्रम रद्द कर दिए और घायलों से मिलने की बात कही।
पश्चिम बंगाल सरकार का ऐलान: मृतकों के परिवार को 25 लाख और नौकरी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृतकों के प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। इसके अलावा, प्रत्येक घायल को 5 लाख रुपये देने और उनके इलाज का पूरा खर्च सरकार की ओर से उठाने की बात कही गई है।
ये भी पढ़े: महासप्तमी पर मां के दरबार में पहुंचे सीएम सम्राट, की पूजा-अर्चना, मांगी बिहार की खुशहाली
मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे की तथ्यात्मक जांच कराई जाएगी और जरूरत के अनुसार कदम उठाए जाएंगे। जांच में आयोजकों की भूमिका, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा इंतजाम और घटना से पहले हुई घोषणाओं की पड़ताल की जाएगी।
ममता बनर्जी और कुणाल घोष ने भी जताया दुख
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चोरबागान पंडाल में हुई भगदड़ पर गहरा दुख जताया। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने और पीड़ित परिवारों को इस मुश्किल समय में हिम्मत मिलने की प्रार्थना की।
राज्यपाल आरएन रवि ने भी मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। तृणमूल कांग्रेस नेता कुणाल घोष ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन से घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने अस्पताल में अतिरिक्त डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों की तैनाती पर जोर दिया।
हेल्पलाइन नंबर जारी, जांच जारी
हादसे के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रभावित लोगों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18003455678 जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पीड़ितों और उनके परिजनों से जुड़ी जानकारी के लिए इस नंबर का इस्तेमाल करें।
फिलहाल, पुलिस और प्रशासन घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। इस हादसे ने एक बार फिर बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षित प्रवेश और निकास व्यवस्था तथा आपातकालीन प्रबंधन की अहमियत को सामने ला दिया है। अब जांच के नतीजों से स्पष्ट होगा कि भगदड़ के पीछे क्या कारण थे और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए कौन-से कदम उठाए जाएंगे।
भूमि आर्या की रिपोर्ट
