मिस यूनिवर्स 2026: प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने जीता ताज, भारत की कज़िया टॉप-12 से बाहर
Miss Universe 2026
निष्कर्ष भारत, संवाददाता– प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। सैन जुआन में आयोजित प्रतियोगिता के 75वें संस्करण में 116 देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। फाइनल में बैरेटो ने सभी प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए ताज अपने नाम किया। मिस यूनिवर्स के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज ने विजेता की घोषणा करते हुए लिखा, “द यूनिवर्स वेलकम्स इट्स न्यू क्वीन, जेनिफर बैरेटो ऑफ प्यूर्टो रिको!”
भारत की प्रतिनिधि 19 वर्षीय कज़िया लिज मेजो टॉप-12 में जगह नहीं बना सकीं। वह इवनिंग गाउन राउंड से पहले ही प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। हालांकि, कज़िया की भागीदारी भारत और खासकर केरल के लिए अहम रही। वह मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीतने वाली केरल की पहली महिला हैं।
प्यूर्टो रिको को छठी बार मिला मिस यूनिवर्स का ताज
मिस यूनिवर्स 2026 का ग्रैंड फिनाले प्यूर्टो रिको की राजधानी सैन जुआन स्थित जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में आयोजित हुआ। इस बार प्रतियोगिता ने अपने 75 साल पूरे किए। अलग-अलग देशों से आई प्रतिभागियों ने कई चरणों में अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। अंतिम दौर में प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो, वेनेजुएला की क्लारा गोएट्ज और डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नूनेज सहित कई प्रतियोगियों ने जगह बनाई।
निष्पक्ष ख़बर देखिये हमारे यूट्यूब चैनल पर: शादी की शहनाई के बीच किसानों की बर्बादी की कहानी,BJP-JDU का सुशासन या किसानों का दुशासन?
जेनिफर बैरेटो को मिस यूनिवर्स 2025 फातिमा बॉश ने ताज पहनाया। उनकी जीत के साथ प्यूर्टो रिको ने छठी बार यह खिताब हासिल किया है। इससे पहले प्यूर्टो रिको की मारिसोल मालारे ने 1970 में, डेबोरा कार्थी-ड्यू ने 1985 में, दयानारा टोरेस ने 1993 में, डेनिस क्विनोनेस ने 2001 में और जुलेइका रिवेरा ने 2006 में मिस यूनिवर्स का ताज जीता था।
बैरेटो की जीत के साथ 2001 की यादें भी ताजा हो गईं। उस साल डेनिस क्विनोनेस ने अपने ही देश में आयोजित प्रतियोगिता में खिताब जीता था। अब 25 साल बाद प्यूर्टो रिको की एक और प्रतियोगी ने घरेलू मंच पर मिस यूनिवर्स का ताज हासिल किया है।
विवाहित महिला और मां ने रचा इतिहास
29 वर्षीय जेनिफर बैरेटो की जीत को प्रतियोगिता के इतिहास में एक खास उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। वह मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने वाली पहली विवाहित महिला और मां हैं। बैरेटो की अपने पति यान कार्लोस बैरेटो काल्डेरोन के साथ एक बेटी है। वह मनोविज्ञान और क्लिनिकल सोशल वर्क में दो मास्टर डिग्री भी रखती हैं।

मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के नियमों में पिछले कुछ वर्षों में बदलाव किए गए हैं। 2023 तक प्रतियोगिता में केवल अविवाहित महिलाओं को हिस्सा लेने की अनुमति थी। नियमों के अनुसार, प्रतियोगी पहले विवाहित नहीं हो सकती थीं और खिताब जीतने के बाद अपने एक साल के कार्यकाल के दौरान भी शादी नहीं कर सकती थीं। बाद में नियमों में बदलाव कर विवाहित महिलाओं और माताओं को भी प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर दिया गया।
खबरें हमारे फेसबुक पर भी, लगातार खबरों के लिए फेसबुक से जुड़े
आयु सीमा को लेकर भी नियम बदले गए। पहले प्रतियोगिता में 18 वर्ष से अधिक और 29 वर्ष से कम उम्र की महिलाएं ही हिस्सा ले सकती थीं। बाद में ऊपरी आयु सीमा हटा दी गई। इन बदलावों के बाद प्रतियोगिता में अलग-अलग जीवन अनुभवों और पृष्ठभूमि की महिलाओं की भागीदारी का रास्ता खुला।
कज़िया मेजो की उपलब्धि भी रही खास
भारत की ओर से मिस यूनिवर्स 2026 में कज़िया लिज मेजो ने हिस्सा लिया। 19 वर्षीय कज़िया केरल के मावेलिक्कारा की रहने वाली हैं। उनका बचपन अबू धाबी में बीता, जहां उन्होंने एमिरेट्स नेशनल स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल और अबू धाबी इंडियन स्कूल में पढ़ाई की। फिलहाल वह बेंगलुरु में कानून की पढ़ाई कर रही हैं और साथ ही मॉडलिंग भी करती हैं।

कज़िया प्रतियोगिता के टॉप-12 में जगह नहीं बना सकीं। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनका सफर समाप्त हो गया। हालांकि, मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीतना और विश्वस्तर की प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। खास तौर पर केरल के लिए उनकी भागीदारी ऐतिहासिक है, क्योंकि वह राज्य की पहली महिला हैं जिन्होंने मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज जीता।
ये भी पढ़े: ‘गोंधल’ और ‘अंग’ ने ऑस्कर की दौड़ में बनाई जगह, 104 फिल्मों में भारत की एंट्री
भारत अब तक तीन बार मिस यूनिवर्स का खिताब जीत चुका है। सुष्मिता सेन ने 1994 में, लारा दत्ता ने 2000 में और हरनाज संधू ने 2021 में यह उपलब्धि हासिल की थी। इस बार भारत की उम्मीदें कज़िया से थीं, लेकिन वह टॉप-12 तक नहीं पहुंच सकीं।
मिस यूनिवर्स 2026 का नतीजा एक ओर प्यूर्टो रिको के लिए जश्न लेकर आया, तो दूसरी ओर भारत के लिए अगली प्रतियोगिता की तैयारी का मौका भी बना। जेनिफर बैरेटो अब मिस यूनिवर्स के रूप में अपने एक साल के कार्यकाल में दुनिया भर में सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर काम करेंगी।
भूमि आर्या की रिपोर्ट
