बिहार में डेयरी क्षेत्र को मिलेगी नई रफ्तार, केंद्र सरकार खर्च करेगी 498.81 करोड़ रुपये; 32 परियोजनाओं को मंजूरी
बिहार के पशुपालकों की बढ़ेगी आमदनी, दूध उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
निष्कर्ष भारत, संवाददाता। पटना: बिहार में दूध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों की आमदनी में सुधार लाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य में डेयरी क्षेत्र के विकास के लिए 498.81 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम (एनपीडीडी) के तहत बिहार में 32 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से दूध संग्रहण, गुणवत्ता जांच, शीतलीकरण और प्रसंस्करण की सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में दूध उत्पादन करने वाले किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय डेयरी, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बुधवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित राष्ट्रीय दुग्ध दिवस समारोह में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिहार में डेयरी सहकारिता के क्षेत्र में हो रहे काम को देखते हुए इस बार राष्ट्रीय दुग्ध दिवस का आयोजन पटना में किया गया है।
बिहार में 14 हजार से अधिक नई दुग्ध समितियों का गठन
ललन सिंह ने बताया कि बिहार में डेयरी सहकारिता को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य में अब तक 14,056 नई दुग्ध सहकारी समितियों का गठन किया गया है। वहीं, पहले से मौजूद 7,435 समितियों को सुदृढ़ किया गया है।
डेयरी सहकारी समितियों के विस्तार से गांवों में दूध उत्पादकों को संगठित व्यवस्था से जोड़ने में मदद मिल रही है। इसके माध्यम से किसानों को दूध बेचने के लिए बेहतर विकल्प मिलेंगे। साथ ही दूध की गुणवत्ता जांच और सुरक्षित तरीके से उसे बाजार तक पहुंचाने की सुविधाओं का भी विस्तार होगा।
निष्पक्ष ख़बर देखिये हमारे यूट्यूब चैनल पर: जिन जीविका दीदियों से सरकार जुटा रही भीड़,वही साबित होंगी सरकार के लिए भस्मासुर
केंद्र सरकार की ओर से देशभर में राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम के तहत 6,396 करोड़ रुपये की लागत से 324 परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके तहत गांवों में दूध की गुणवत्ता जांच के लिए किट उपलब्ध कराई जा रही हैं। दूध को खराब होने से बचाने के लिए शीतलीकरण की व्यवस्था विकसित की जा रही है। देश में 11 राज्य स्तरीय प्रयोगशालाएं भी स्थापित की गई हैं।
पांच वर्षों में 75 हजार नई डेयरी समितियां बनाने का लक्ष्य
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में कुल दूध उत्पादन का करीब 63 प्रतिशत हिस्सा असंगठित क्षेत्र से आता है। इस कारण बड़ी संख्या में पशुपालकों को अपने दूध का उचित मूल्य नहीं मिल पाता है। इस समस्या को दूर करने के लिए केंद्र सरकार श्वेत क्रांति-2 के तहत डेयरी सहकारिता का विस्तार कर रही है।
अगले पांच वर्षों में देशभर में 75 हजार नई डेयरी सहकारी समितियां गठित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा पहले से मौजूद 46 हजार समितियों को मजबूत किया जाएगा। सहकारी समितियों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के विस्तार से ग्रामीण उत्पादकों को संगठित बाजार से जोड़ा जाएगा।
खबरें हमारे फेसबुक पर भी, लगातार खबरों के लिए फेसबुक से जुड़े
इससे दूध उत्पादकों को बाजार तक पहुंच बनाने, दूध की बिक्री और उचित मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी। डेयरी क्षेत्र में सहकारी व्यवस्था मजबूत होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
12 वर्षों में देश का दूध उत्पादन 91 प्रतिशत बढ़ा
ललन सिंह ने देश में दूध उत्पादन के आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2013-14 में भारत में 7.19 करोड़ मीट्रिक टन दूध का उत्पादन होता था। अब यह बढ़कर 13.76 करोड़ मीट्रिक टन हो गया है। इस तरह पिछले 12 वर्षों में देश के दूध उत्पादन में करीब 91 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया में दूध उत्पादन के मामले में पहले स्थान पर है। वहीं, मछली उत्पादन में देश दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है। पशुपालन और मत्स्य पालन क्षेत्र से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से करीब 20 करोड़ लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है।
सेक्स सॉर्टेड सीमेन तकनीक से बढ़ेगी दुधारू पशुओं की संख्या
दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए केंद्रीय मंत्री ने पशुपालकों से सेक्स सॉर्टेड सीमेन तकनीक के जरिए कृत्रिम गर्भाधान कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस तकनीक से गर्भाधान कराने पर करीब 90 प्रतिशत बछिया पैदा होने की संभावना रहती है।
इस तकनीक के इस्तेमाल से भविष्य में दुधारू पशुओं की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे पशुपालकों को दूध उत्पादन बढ़ाने और अपनी आमदनी में सुधार करने का अवसर मिलेगा।
उन्नत नस्ल की बछियों के उत्पादन के लिए देशभर में हीफर सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड को नोडल एजेंसी बनाया गया है। बिहार में भी एक हीफर सेंटर को मंजूरी मिली है, जहां काम चल रहा है। केंद्र सरकार इस वर्ष 50 हीफर सेंटर के प्रस्ताव के साथ आगे बढ़ रही है।
बिहार को मिलीं 307 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयां
पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से मुफ्त टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। ललन सिंह ने बताया कि देशभर में खुरपका-मुंहपका के 152 करोड़, पीपीआर के 25 करोड़, ब्रुसेलोसिस के 3.2 करोड़ और सूअर बुखार के 64 लाख टीके लगाए जा चुके हैं।
पशुओं के इलाज के लिए देशभर में 4,019 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयां उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें से 307 इकाइयां बिहार को मिली हैं। इन इकाइयों के जरिए पशुपालकों को पशुओं के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
डेयरी क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ रही भागीदारी
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देश में स्थापित 25 दुग्ध उत्पादक संगठनों में से 19 का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं। इससे डेयरी क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और उनकी नेतृत्व क्षमता का पता चलता है।
डेयरी सहकारी समितियों और एफपीओ को कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है। समय पर किस्त चुकाने पर तीन प्रतिशत ब्याज सब्सिडी दी जा रही है। इससे डेयरी क्षेत्र से जुड़े संगठनों को आर्थिक सहायता मिल रही है।
ललन सिंह ने बिहार में कॉम्फेड और सुधा के काम की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार डेयरी क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। बिहार में डेयरी परियोजनाओं के विस्तार, सहकारी समितियों को मजबूत करने और पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
भूमि आर्या की रिपोर्ट
