मुजफ्फरपुर में फ्लिपकार्ट डिलीवरी वैन में लगी आग, लाखों का समान जलकर खाक
मुजफ्फरपुर में फ्लिपकार्ट पार्सल वैन आग में जली, सैकड़ों पार्सल राख
निष्कर्ष भारत, संवाददाता मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर में फ्लिपकार्ट कूरियर सर्विस की पार्सल पिकअप वैन में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा चौक के पास हुई इस घटना में वैन में लदे सैकड़ों पार्सल जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में वाहन का पिछला हिस्सा पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
नरसंडा चौक के पास धू-धूकर जली वैन
बताया गया कि मुजफ्फरपुर फ्लिपकार्ट कूरियर सर्विस की पिकअप वैन पार्सल लेकर नरसंडा चौक के समीप पहुंची थी। चालक ने वाहन को लॉक किया और किसी काम से वहां से चला गया। कुछ ही देर बाद लोगों ने वैन के पिछले हिस्से से धुआं निकलते देखा। देखते ही देखते धुआं काले गुबार में बदल गया और वाहन में तेज आग की लपटें उठने लगीं।
देखिये खबर हमारे यूट्यूब चैनल पर भी: डाक बंगला बना रणक्षेत्र! पुलिस-छात्रों में धक्का-मुक्की, घायल हुई छात्रा
आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने जब वैन को जलते देखा तो मौके पर हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैल रही थी और वैन के अंदर बड़ी संख्या में पार्सल रखे हुए थे। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए कांटी थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
मुजफ्फरपुर में आग से सैकड़ों पार्सल जले
प्रत्यक्षदर्शियों राकेश साह और संजय के अनुसार, वैन में फ्लिपकार्ट के सैकड़ों कूरियर पार्सल लदे हुए थे। आग वैन के पिछले हिस्से से शुरू हुई और देखते ही देखते अंदर रखे सामान तक पहुंच गई। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वैन का करीब आधा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मुजफ्फरपुर पुलिस इसको लेकर जाँच में जुटी है।
इसे भी पढ़े: बेगूसराय में फल बेचने वाले का मिला शव, जमीन विवाद में हत्या की आशंका
पार्सलों में ग्राहकों के ऑर्डर किए हुए सामान मौजूद थे। इनमें कई कीमती वस्तुएं भी होने की बात सामने आई है। आग में बड़ी संख्या में पार्सल जलने के कारण नुकसान का आंकड़ा लाखों रुपये तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी नुकसान की आधिकारिक राशि सामने नहीं आई है।
पुलिस और दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने के बाद मुजफ्फरपुर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय युवाओं की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

दमकल की टीम के पहुंचने तक आग वाहन के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी थी। आग बुझने के बाद वैन के अंदर का दृश्य काफी भयावह था। कई पार्सल पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे, जबकि कुछ सामान को सुरक्षित बचा लिया गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में हुई इस घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती तौर पर आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने इसे अभी आधिकारिक कारण नहीं माना है।
वही मुजफ्फरपुर पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग आखिर किस वजह से लगी। वाहन की स्थिति, आग की शुरुआत और जले हुए सामान समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
मौके पर पहुंचा फ्लिपकार्ट कर्मचारी
हादसे की जानकारी मिलने के बाद फ्लिपकार्ट का एक कर्मचारी भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। बताया गया कि वैन में ग्राहकों के बड़ी संख्या में ऑर्डर मौजूद थे। इनमें कीमती सामान भी शामिल होने की बात सामने आई है।
आग में पार्सल जलने से नुकसान केवल कंपनी तक सीमित नहीं रहने की आशंका है। जिन ग्राहकों ने इन सामानों को ऑनलाइन ऑर्डर किया था, उनके ऑर्डर भी इस घटना से प्रभावित हुए हैं। हालांकि किन-किन ग्राहकों के सामान जले और कितने ऑर्डर प्रभावित हुए, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
लाखों के नुकसान का अनुमान, आकलन बाकी
फिलहाल जले हुए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन नहीं किया गया है। मुजफ्फरपुर पार्सल में कितने पार्सल थे, उनमें कौन-कौन से सामान मौजूद थे और कितना सामान सुरक्षित बचा है, इसका पूरा विवरण तैयार किए जाने के बाद ही नुकसान की सही रकम सामने आएगी।

पुलिस के अनुसार, कुछ सामान आग से बच गया है, जबकि बड़ी मात्रा में पार्सल आग की चपेट में आए हैं। संबंधित पक्ष की ओर से नुकसान का विस्तृत आकलन किए जाने की उम्मीद है।
कांटी थानेदार ने क्या कहा?
कांटी थानेदार रविकांत पाठक ने बताया कि पुलिस और दमकल की गाड़ी समय पर मौके पर पहुंच गई थी। इसके कारण आग को नियंत्रित कर लिया गया। उन्होंने बताया कि वाहन में रखा कुछ सामान सुरक्षित है, जबकि कुछ सामान आग में जल गया है।
थानेदार के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल शॉर्ट सर्किट की आशंका है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण का पता चलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि घटना को लेकर अभी तक किसी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित आवेदन नहीं मिला है।
कूरियर वाहनों की सुरक्षा पर उठे सवाल
मुजफ्फरपुर के नरसंडा चौक पर हुई इस घटना ने कूरियर और डिलीवरी वाहनों में रखे कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऑनलाइन खरीदारी बढ़ने के साथ रोजाना बड़ी संख्या में पार्सल एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाए जाते हैं। ऐसे में वाहनों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था महत्वपूर्ण हो जाती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आग की वजह और वास्तविक नुकसान की तस्वीर जांच तथा सामान के आकलन के बाद ही साफ होगी। इस बीच, जिस वैन में सैकड़ों ग्राहकों के पार्सल अपनी मंजिल की ओर जा रहे थे, वह कुछ ही मिनटों में आग की लपटों में घिरकर आधी जल गई।
अमन की रिपोर्ट
