भारत ने रचा इतिहास: न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर जीता टी-20 वर्ल्ड कप 2026, लगातार दूसरी बार बना चैंपियन
भारत ने 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया।
भारत ने 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय लिख दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने न केवल अपना खिताब बचाया, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए।
रोहित शर्मा की भविष्यवाणी हुई सच

टी-20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का एक विज्ञापन काफी चर्चा में था। उसमें रोहित कहते नजर आए थे कि “टीम इंडिया हिस्ट्री रिपीट भी करेगी और हिस्ट्री डिफीट भी करेगी।” अहमदाबाद में खेले गए इस फाइनल मुकाबले ने रोहित की इस बात को पूरी तरह सच साबित कर दिया। भारत ने 2024 में जीते टी-20 वर्ल्ड कप की सफलता को 2026 में दोहराते हुए एक बार फिर विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा साबित किया।
2024 की सफलता को 2026 में दोहराया
भारतीय टीम ने इससे पहले 29 जून 2024 को रोहित शर्मा की कप्तानी में टी-20 वर्ल्ड कप जीता था। उस समय टीम इंडिया ने बारबाडोस में खेले गए फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 7 रन से हराया था। अब 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया।
इस जीत से बदले तीन बड़े इतिहास
भारत की इस जीत ने टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में तीन बड़े रिकॉर्ड बदल दिए।
- पहली बार किसी मेजबान टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप जीता। इससे पहले कोई भी होस्ट टीम चैंपियन नहीं बन सकी थी।
- पहली बार किसी टीम ने लगातार दो टी-20 वर्ल्ड कप जीतने का कारनामा किया। इससे पहले कोई भी टीम अपना खिताब बचाने में सफल नहीं हुई थी।
- भारत अब टी-20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गया है।
वर्ल्ड चैंपियन कप्तानों के साथ हुई मैच की शुरुआत
फाइनल मुकाबले की शुरुआत बेहद खास अंदाज में हुई। 2007 में भारत को पहला टी-20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान एमएस धोनी और 2024 में टीम को चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा ट्रॉफी लेकर मैदान में पहुंचे। दोनों दिग्गजों की मौजूदगी ने इस ऐतिहासिक मैच को और भी खास बना दिया।
भारतीय ओपनर्स की तूफानी शुरुआत
मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। लेकिन भारतीय ओपनर्स संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया। दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया।
भारत ने पहले 6 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 92 रन बना दिए। यह टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर की बराबरी करने वाला प्रदर्शन था।
रिकॉर्ड ओपनिंग साझेदारी
सैमसन और अभिषेक शर्मा के बीच 98 रन की शानदार ओपनिंग साझेदारी हुई। रचिन रवींद्र ने अभिषेक शर्मा को कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। अभिषेक ने 21 गेंदों में 52 रन की तेजतर्रार पारी खेली। यह टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी बन गई।
सैमसन और ईशान किशन की शतकीय साझेदारी
अभिषेक के आउट होने के बाद ईशान किशन क्रीज पर आए। संजू सैमसन और ईशान किशन ने मिलकर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 105 रन की साझेदारी हुई।

इस शानदार साझेदारी की बदौलत भारत ने 15 ओवर के भीतर ही 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया और मैच पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले लिया।
नीशम ने पलटने की कोशिश की बाजी
एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत 20 ओवर में 300 रन तक पहुंच सकता है। लेकिन 16वें ओवर में जिमी नीशम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर भारत के रन रेट पर ब्रेक लगा दिया।
उन्होंने संजू सैमसन (89 रन), ईशान किशन (54 रन) और कप्तान सूर्यकुमार यादव को आउट किया। इसके बाद अगले कुछ ओवरों में भारत की रन गति थोड़ी धीमी हो गई।
शिवम दुबे ने दिलाई मजबूत फिनिश
अंतिम ओवर में शिवम दुबे ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 3 चौके और 2 छक्के लगाए और 24 रन बटोरे। उनकी इस पारी की बदौलत भारत का स्कोर 20 ओवर में 255 रन तक पहुंच गया। यह टी-20 इंटरनेशनल फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बन गया।
न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत

256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले के दौरान ही अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए। फिन एलन, रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौट गए।
टिम साइफर्ट की फिफ्टी भी नहीं दिला सकी जीत
ओपनर टिम साइफर्ट ने न्यूजीलैंड के लिए संघर्ष करते हुए 26 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली। कप्तान मिचेल सैंटनर ने भी 43 रन बनाए, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने टीम ज्यादा देर टिक नहीं सकी।
पूरी न्यूजीलैंड टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 96 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
बुमराह बने प्लेयर ऑफ द मैच, सैमसन को मिला प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए जसप्रीत बुमराह ने 15 रन देकर 4 विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड मिला। उन्होंने 5 मैचों में 3 अर्धशतकों की मदद से कुल 321 रन बनाए।
इस जीत के साथ भारतीय क्रिकेट ने एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया और दुनिया को दिखा दिया कि टी-20 क्रिकेट में टीम इंडिया का दबदबा लगातार कायम है।
पटना से भूमि आर्या की रिपोर्ट
