राजधानी पटना की 9 सड़कों और 5 पार्कों का नामकरण, नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति ने दी मंजूरी

राजधानी पटना

राजधानी पटना की 9 सड़कों और 5 पार्कों का नामकरण, नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति ने दी मंजूरी

राजधानी पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी पार्क को मिला अटल बिहारी वाजपेयी का नाम

राजधानी पटना में नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की हालिया बैठकों में शहर के नामकरण इतिहास में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। बीते एक माह के भीतर आयोजित दो सामान्य बैठकों में समिति ने राजधानी की 9 प्रमुख सड़कों और 5 पार्कों के नामकरण को स्वीकृति प्रदान की है। समिति से मंजूरी मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन द्वारा नामकरण से संबंधित सूचना डाक विभाग को भेजी जाएगी, ताकि आधिकारिक अभिलेखों में इन नामों को दर्ज किया जा सके।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, यह पहल न सिर्फ शहर की पहचान को मजबूत करेगी, बल्कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले महापुरुषों, समाजसेवियों, स्वतंत्रता सेनानियों और जनप्रतिनिधियों को सम्मान देने की दिशा में एक अहम कदम है।

आचार्य किशोर कुणाल और पूर्व पार्षद श्रीराम कुमार के नाम पर सड़क

दीघा रोड क्षेत्र में घुरदौड़ से ज्ञान निकेतन गर्ल्स स्कूल तक की सड़क का नामकरण अब आचार्य किशोर कुणाल पथ के रूप में किया गया है। वहीं अशोक राजपथ स्थित नंद गोला मेन रोड पर डॉ. विजय कांत शर्मा के आवास से पूर्व पार्षद एवं समाजसेवी श्रीराम कुमार के आवास तक के मार्ग को पूर्व पार्षद श्रीराम कुमार पथ नाम दिया गया है।

न्यायमूर्ति इंदु प्रभा सिंह और नथुनी राम यादव के नाम पर मार्ग

श्रीकृष्णापुरी पार्क के मुख्य द्वार के सामने से लेकर एलएफ फ्लैट पार्क तक की सड़क को न्यायमूर्ति इंदु प्रभा सिंह पथ नाम दिया गया। इसके अलावा 15 दिसंबर को हुई बैठक में वार्ड 72 अंतर्गत अशोक राजपथ मुख्य सड़क लिंक पथ से अनिल कुमार यादव (बजरंगबली मंदिर) के मकान से सहदरा चौराहा तक की सड़क का नामकरण वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व पार्षद नथुनी राम यादव पथ के रूप में किया गया।

दीघा विधानसभा क्षेत्र और कंकड़बाग में नए नाम

दीघा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आशियाना दीघा रोड से आकाशवाणी रोड के बीच स्थित सड़क को मुंदर साह पथ नाम दिया गया है। वहीं कंकड़बाग वार्ड संख्या 33 के पूर्वी इंद्रानगर स्थित सुधा देवी लेन रोड नंबर 1-ए का नामकरण पूर्वी इंद्रानगर मार्ग किया गया।

जेंद्र नगर क्षेत्र में रोड नंबर छह, सुपर स्पेशलिटी नेत्र अस्पताल से लेकर ज्योतिषाचार्य पं. रामलोचन पांडेय के आवास तक की सड़क को डॉ. ब्रजकिशोर सिन्हा मार्ग नाम दिया गया।

पद्मभूषण डॉ. दुखन राम और यदुनंदन प्रसाद के नाम पर सड़क

शहर की प्रमुख लिंक सड़क एग्जीबिशन रोड-फ्रेजर रोड को अब पद्मभूषण सम्मानित डॉ. दुखन राम मार्ग के नाम से जाना जाएगा। वहीं वार्ड 44 अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय के समीप नगर निगम द्वारा निर्मित वाटिका और उसके सामने एसबीआई शाखा से लेकर कंकड़बाग देवी स्थान तक जाने वाले मार्ग को यदुनंदन प्रसाद मार्ग नाम दिया गया है।

पांच पार्कों को भी मिला नया नाम

सशक्त स्थायी समिति की बैठक में राजधानी के विभिन्न इलाकों में स्थित 5 पार्कों के नामकरण को भी मंजूरी दी गई।

पाटलिपुत्र कॉलोनी का पार्क बना अटल पार्क

दीघा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित पार्क को अटल पार्क नाम दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इस पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पहले से ही स्थापित है, जिससे इस नामकरण को विशेष महत्व मिला है।

गुरु गोबिंद सिंह, भामा शाह और चंद्रमा सिंह के नाम पर पार्क

चितकोहरा पंजाबी कॉलोनी स्थित पार्क का नामकरण गुरु गोबिंद सिंह पार्क किया गया है। न्यू पुनाईचक स्थित पार्क को भामा शाह पार्क नाम दिया गया है, जहां दानवीर भामा शाह की प्रतिमा पहले से मौजूद है।

वहीं वार्ड 44 के अंतर्गत डॉक्टर कॉलोनी में जीवक हार्ट हॉस्पिटल के दक्षिण स्थित पार्क को स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रांतिकारी चंद्रमा सिंह पार्क नाम दिया गया।


शहर की पहचान और इतिहास को मिलेगा नया आयाम

नगर निगम के अनुसार, इन नामकरणों से न केवल शहर की भौगोलिक पहचान स्पष्ट होगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को महान व्यक्तित्वों के योगदान से परिचित होने का अवसर भी मिलेगा। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस फैसले का स्वागत किया है।

राजधानी पटना में सड़क और पार्कों के ये नए नाम आने वाले समय में शहर के इतिहास, संस्कृति और सम्मान की भावना को और सशक्त बनाएंगे।

Nishkarsh Bharat

पटना से भूमि आर्या की रिपोर्ट

You may have missed