पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, 62 राउंड फायरिंग, अपराधी को लगी गोली, एसआई घायल
पटना में मुठभेड़, 62 राउंड फायरिंग; अपराधी को लगी गोली
निष्कर्ष भारत, संवाददाता पटना। पटना में मुठभेड़ की बड़ी घटना सामने आई है। रविवार सुबह बिहटा थाना क्षेत्र के परेव में सोन नदी के बीच पुलिस और अपराधियों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच कुल 62 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें अपराधियों की ओर से करीब 40 और पुलिस की ओर से 22 राउंड गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी अनीश कुमार के पैर में गोली लगी है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान सब इंस्पेक्टर राजू कुमार सिंह और बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार समेत कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
घायल अपराधी को इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है, जबकि एसआई राजू कुमार सिंह का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
रंगदारी वसूली के इनपुट पर पहुंची थी पुलिस
पुलिस को सूचना मिली थी कि सोन नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद कुछ अपराधी नाव के जरिए नाविकों से रंगदारी और पैसे की वसूली कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
देखिये खबर हमारे यूट्यूब चैनल पर भी: डाक बंगला बना रणक्षेत्र! पुलिस-छात्रों में धक्का-मुक्की, घायल हुई छात्रा
पुलिस के अनुसार, टीम जब पुल के पास पहुंची तो नदी में एक नाव पर कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने और पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान नाव पर मौजूद अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। देखते ही देखते सोन नदी के बीच दोनों तरफ से गोलियां चलने लगीं। कुछ देर तक चली इस मुठभेड़ में एक अपराधी के पैर में गोली लग गई।
मुठभेड़ में 40 राउंड अपराधियों ने चलाई गोली
पटना SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि अपराधियों की तरफ से करीब 40 राउंड और पुलिस की ओर से 22 राउंड फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में अनीश कुमार के पैर में गोली लगी।
इसे भी पढ़िए….जंतर-मंतर हिंसा के बाद सख्त एक्शन! प्रदर्शन में हिंसा करने वालों के पासपोर्ट रद्द करने पर विचार, दिल्ली पुलिस की बड़ी तैयारी
SSP के मुताबिक, गोलीबारी के दौरान कुछ अपराधी नदी में कूदकर फरार हो गए। पुलिस ने नाव के पास से पीयूष कुमार नाम के एक अपराधी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया और फरार अपराधियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान थानाध्यक्ष अमित कुमार और सब इंस्पेक्टर राजू कुमार समेत कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। अमित कुमार के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
मुठभेड़ के बाद हथियारों का जखीरा बरामद
घटना के बाद पुलिस ने मौके से कई हथियार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान दो पिस्टल, एक राइफल, एक कार्बाइन और एक देसी कट्टा बरामद हुआ है।
बरामद हथियारों को पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार अपराधियों तक कैसे पहुंचे और क्या इनका इस्तेमाल पहले किसी आपराधिक वारदात में हुआ है।

पुलिस ने इस मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के जरिए पुलिस सोन नदी में कथित रंगदारी वसूली के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।
टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल है अनीश
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल अनीश कुमार इलाके के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल है। उसके खिलाफ छह अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हैं।
SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पिछले साल भी इसी तरह के एक मामले में अनीश के पास से AK-47 बरामद हुई थी। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी खंगाल रही है।
अनीश का इलाज फिलहाल पीएमसीएच में चल रहा है। पुलिस उसके ठीक होने के बाद पूछताछ के जरिए मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को सामने लाने की तैयारी में है।
फरार अपराधियों की तलाश तेज
मुठभेड़ के दौरान कुछ अपराधियों के नदी में कूदकर भागने के बाद पुलिस ने सोन नदी और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नदी में रंगदारी वसूली का कथित नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और इसमें कितने लोग शामिल हैं। नाविकों से पूछताछ कर भी पुलिस इस पूरे मामले की जानकारी जुटा सकती है।

घटना के बाद सोन नदी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस की नजर संदिग्ध नावों और नदी किनारे के इलाकों पर है। अधिकारियों का कहना है कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क के बारे में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस की कार्रवाई से इलाके में हड़कंप
बिहटा के परेव में हुई इस मुठभेड़ के बाद इलाके में काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। नदी के बीच हुई गोलीबारी की घटना से स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बरामद हथियारों की जांच, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सोन नदी में कथित रंगदारी वसूली का नेटवर्क कितना बड़ा था। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
राजकुमार सिंह की रिपोर्ट
