विदेश यात्रा टैक्स की खबरों पर PM नरेंद्र मोदी का खंडन, बोले- ‘ऐसी कोई योजना नहीं’; ईंधन बचत और आत्मनिर्भरता पर जोर

PM नरेंद्र मोदी

PM नरेंद्र मोदी ने विदेश यात्रा पर टैक्स, सेस या सरचार्ज लगाए जाने की खबरों को पूरी तरह गलत बताया है।

PM मोदी ने विदेश यात्रा टैक्स की खबरों को बताया फर्जी, बोले- सरकार का फोकस ‘Ease of Living’ पर

PM नरेंद्र मोदी ने विदेश यात्रा पर टैक्स, सेस या सरचार्ज लगाए जाने की खबरों को पूरी तरह गलत बताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से विदेश यात्राओं पर किसी प्रकार की पाबंदी लगाने या अतिरिक्त टैक्स लगाने पर कोई विचार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि “यह पूरी तरह गलत खबर है, इसमें जरा भी सच्चाई नहीं है।”

प्रधानमंत्री का यह बयान उन मीडिया रिपोर्ट्स के बाद आया, जिनमें दावा किया गया था कि केंद्र सरकार विदेशी यात्राओं पर टै्स या सरचार्ज लगाने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स में कहा गया था कि बढ़ते विदेशी मुद्रा दबाव और वैश्विक आर्थिक हालात को देखते हुए सरकार उच्च स्तर पर इस मुद्दे पर चर्चा कर रही है। हालांकि पीएम मोदी ने इन दावों को सीधे खारिज कर दिया।

PM मोदी बोले- लोगों के लिए Ease of Living बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता

प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों के जीवन को आसान बनाना है, न कि उन पर नई पाबंदियां लगाना। उन्होंने लिखा कि केंद्र सरकार “Ease of Doing Business” और “Ease of Living” को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हालांकि, प्रधानमंत्री ने हाल के दिनों में देशवासियों से कई अपीलें जरूर की हैं, जिनका मकसद ईंधन बचत, विदेशी मुद्रा संरक्षण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। इन अपीलों को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रम फैल गया और कुछ लोगों ने इसे विदेश यात्रा पर संभावित प्रतिबंध या टैक्स से जोड़ दिया।

10 मई और 11 मई को PM मोदी ने की थीं खास अपीलें

प्रधानमंत्री ने 10 मई को हैदराबाद और 11 मई को गुजरात के वडोदरा में आयोजित कार्यक्रमों में देशवासियों से कई आर्थिक और सामाजिक अपीलें की थीं। उन्होंने कहा था कि मौजूदा वैश्विक हालात और महंगे ईंधन के कारण भारत पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है, इसलिए लोगों को कुछ समय के लिए गैर-जरूरी विदेश यात्राएं टालनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा था कि शादियों, छुट्टियों और अन्य कारणों से होने वाली विदेश यात्राओं को कुछ समय के लिए टालना देशहित में होगा। हालांकि उन्होंने इसे स्वैच्छिक अपील बताया था, न कि सरकारी निर्देश।

सोना खरीदने से बचने की सलाह

प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से एक साल तक सोना खरीदने और सोने का दान करने से बचने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि भारत बड़ी मात्रा में सोना आयात करता है, जिससे विदेशी मुद्रा का भारी खर्च होता है। यदि लोग कुछ समय तक सोने की खरीद कम करें, तो इससे देश की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड इंपोर्ट करने वाले देशों में शामिल है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत बढ़ने से देश के आयात बिल पर असर पड़ता है।

पेट्रोल-डीजल बचाने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की अपील

प्रधानमंत्री ने लोगों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, वहां लोग मेट्रो, इलेक्ट्रिक बस और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। उन्होंने कार पूलिंग को भी बढ़ावा देने की बात कही।

वडोदरा में अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर लोग व्यक्तिगत वाहनों का कम उपयोग करेंगे, तो इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण को भी फायदा पहुंचेगा।

उन्होंने विदेशों में रहने वाले भारतीयों से भी कहा कि वे कम से कम पांच विदेशी मेहमानों को भारत घूमने के लिए प्रेरित करें, ताकि देश के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिल सके।

खाने के तेल और रासायनिक खाद पर भी जोर

प्रधानमंत्री ने खाने के तेल की खपत कम करने की अपील करते हुए कहा कि यदि हर परिवार तेल का उपयोग थोड़ा कम करे, तो इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और लोगों की सेहत भी बेहतर होगी।

इसके अलावा उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती की ओर तेजी से बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश को रासायनिक उर्वरकों की खपत आधी करने का लक्ष्य रखना चाहिए। इससे खेती की लागत घटेगी और मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होगी।

PM मोदी की 5 बड़ी अपीलें

  1. एक साल तक सोना न खरीदें और न दान करें।
  2. पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए कार पूलिंग और मेट्रो का उपयोग करें।
  3. खाने के तेल की खपत कम करें।
  4. रासायनिक खाद की जगह प्राकृतिक खेती अपनाएं।
  5. गैर-जरूरी विदेश यात्राएं कुछ समय के लिए टालें।

दिल्ली में EV को बढ़ावा, पार्किंग शुल्क में 50% छूट

इधर, New Delhi Municipal Council ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। NDMC ने 18 मई से इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क में 50% छूट देने की घोषणा की है।

NDMC के वाइस चेयरमैन Kuljeet Singh Chahal ने कहा कि यह फैसला ग्रीन मोबिलिटी और ईंधन बचत को प्रोत्साहित करने के लिए लिया गया है। यह सुविधा NDMC के सभी पार्किंग स्थलों पर लागू होगी।

इसके साथ ही NDMC ने अपने कर्मचारियों के लिए मुफ्त शटल बस सेवा भी शुरू की है। यह बस सेवा सरोजिनी नगर, लक्ष्मीबाई नगर, जोर बाग रोड और चाणक्यपुरी जैसे इलाकों से कर्मचारियों को दफ्तर तक पहुंचाएगी। अधिकारियों के अनुसार 16 बसें तय समय पर कर्मचारियों को लाने और छोड़ने का काम करेंगी।

आर्थिक आत्मनिर्भरता पर सरकार का फोकस

विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी की अपीलों का मुख्य उद्देश्य देश में ईंधन बचत, विदेशी मुद्रा संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को मजबूत करना है। हालांकि सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि विदेश यात्राओं पर किसी प्रकार का टैक्स लगाने की फिलहाल कोई योजना नहीं है।

सरकार की कोशिश लोगों को जागरूक कर स्वैच्छिक भागीदारी बढ़ाने की है, ताकि भारत आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बन सके और वैश्विक चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना कर सके।

Nishkarsh Bharat

पटना से भूमि आर्या की रिपोर्ट

You may have missed