सम्राट चौधरी कैबिनेट की अहम बैठक आज शाम 5 बजे, कई बड़े प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर; 6 बजे होगी ब्रीफिंग
सम्राट चौधरी,
पटना: बिहार सरकार की आज होने वाली कैबिनेट बैठक पर सबकी नजरें टिकी हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार शाम 5 बजे मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में राज्य मंत्रिपरिषद की अहम बैठक होगी। बैठक में सरकार के विभिन्न विभागों की ओर से भेजे गए प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। कई महत्वपूर्ण योजनाओं, प्रशासनिक फैसलों और नीतिगत प्रस्तावों को कैबिनेट की मंजूरी मिलने की संभावना है।
बैठक में बिहार सरकार के सभी संबंधित मंत्री, मुख्य सचिव समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। कैबिनेट बैठक के दौरान प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के बाद सरकार अंतिम निर्णय लेगी। हालांकि, बैठक में किन-किन प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी, इसकी आधिकारिक जानकारी बैठक समाप्त होने के बाद ही सामने आएगी।
शाम 6 बजे होगी बिहार कैबिनेट ब्रीफिंग
कैबिनेट की बैठक खत्म होने के बाद शाम 6 बजे कैबिनेट ब्रीफिंग आयोजित की जाएगी। इसमें सरकार की ओर से बैठक में लिए गए फैसलों और मंजूर किए गए प्रस्तावों की जानकारी मीडिया को दी जाएगी।
बिहार कैबिनेट की बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब राज्य सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, न्याय, खेल और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई क्षेत्रों में योजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दे रही है। ऐसे में आज की बैठक में भी अलग-अलग विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर फैसला आने की उम्मीद है।
पिछली कैबिनेट बैठक में 17 प्रस्तावों को मिली थी मंजूरी
इससे पहले हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में कुल 17 एजेंडों पर सरकार की मुहर लगी थी। पिछली बैठक में स्वास्थ्य, न्याय, खेल और शिक्षा समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़े फैसले लिए गए थे।
स्वास्थ्य क्षेत्र में राज्य सरकार ने PPP यानी पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत 16 मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई शुरू करने की योजना को मंजूरी दी थी। इसमें डेंटल कॉलेज भी शामिल हैं। इन संस्थानों के संचालन से संबंधित प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए PWC की नियुक्ति का भी निर्णय लिया गया था।
सरकार के इस फैसले को बिहार में मेडिकल शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए संस्थानों में पढ़ाई शुरू होने से मेडिकल और डेंटल शिक्षा के क्षेत्र में सीटों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इससे राज्य के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकते हैं।
19 जिलों में बनेंगे SC-ST स्पेशल कोर्ट
पिछली बैठक में न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़ा भी बड़ा फैसला लिया गया था। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत लंबित मामलों के जल्द निपटारे के लिए बिहार के 19 जिलों में विशेष न्यायालय स्थापित करने की मंजूरी दी गई थी।
इन विशेष अदालतों में SC-ST एक्ट से जुड़े मामलों की सुनवाई की जाएगी। इसके लिए कुल 171 नए पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई थी। सरकार का उद्देश्य ऐसे मामलों की सुनवाई को अधिक प्रभावी और तेज बनाना है।
इसके अलावा पूर्णिया, भागलपुर और गया में NDPS एक्ट से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए तीन विशेष अदालतों के गठन को भी मंजूरी मिली थी। इन अदालतों के संचालन के लिए 27 नए पद सृजित किए गए थे।
राजगीर में बनेगा अत्याधुनिक स्पोर्ट्स साइंस सेंटर
खेल के क्षेत्र में भी बिहार सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पिछली कैबिनेट बैठक में राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी परिसर में अत्याधुनिक स्पोर्ट्स साइंस सेंटर स्थापित करने की मंजूरी दी गई थी।
इस सेंटर में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, फिटनेस और प्रदर्शन को वैज्ञानिक तरीके से बेहतर बनाने के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसके संचालन और रखरखाव के साथ मानव संसाधन और आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था को भी मंजूरी दी गई थी।
राजगीर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं के विकास के बीच स्पोर्ट्स साइंस सेंटर की स्थापना को खिलाड़ियों के लिए अहम कदम माना जा रहा है। इससे प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, प्रदर्शन और खेल क्षमता को वैज्ञानिक तकनीकों की मदद से बेहतर करने में मदद मिल सकती है।
केंद्रीय विद्यालय के लिए 30 साल की लीज पर जमीन
शिक्षा के क्षेत्र में भी पिछली बैठक में महत्वपूर्ण फैसला लिया गया था। पूर्वी चंपारण के पीपरा कोठी में सरकारी जमीन पर केंद्रीय विद्यालय के संचालन के लिए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय को 30 साल की लीज पर भूमि उपलब्ध कराने की मंजूरी दी गई थी।
इस फैसले से क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय के संचालन के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को केंद्रीय विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था का लाभ मिलने की उम्मीद है।
आज की बैठक में किन मुद्दों पर रहेगी नजर?
अब आज होने वाली बिहार कैबिनेट बैठक में नए प्रस्तावों पर सबकी निगाहें रहेंगी। अलग-अलग विभागों की ओर से भेजे गए प्रस्तावों में प्रशासनिक स्वीकृति, योजनाओं के विस्तार, नए पदों के सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, न्याय और विकास से जुड़े मुद्दे शामिल हो सकते हैं।
हालांकि, इन प्रस्तावों को लेकर अंतिम जानकारी कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगी। शाम 6 बजे होने वाली कैबिनेट ब्रीफिंग में सरकार की ओर से सभी स्वीकृत एजेंडों और फैसलों की जानकारी सार्वजनिक किए जाने की उम्मीद है।
बिहार कैबिनेट की आज की बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि पिछले बैठक में 17 महत्वपूर्ण एजेंडों को मंजूरी मिली थी। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सरकार किन नए प्रस्तावों को हरी झंडी देती है और बिहार के विकास से जुड़े कौन-कौन से बड़े फैसले सामने आते हैं।
किमती कुमारी की रिपोर्ट
