बिहार में शुरू हुई 4 नई हिंदी OTT फिल्मों की शूटिंग, पटना-सोनपुर बने फिल्मी सेट; रॉकेट रील पर जल्द होगा प्रीमियर
पटना और सोनपुर में 4 नई हिंदी OTT फिल्मों की शूटिंग शुरू हो गई
निष्कर्ष भारत संवाददाता– पटना/सोनपुर, 21 अगस्त 2026। बिहार के फिल्म और मनोरंजन उद्योग के लिए शुक्रवार को एक बड़ी खबर सामने आई है। डैफोडिल्स एंटरटेनमेंट और भारत श्री फिल्म्स के बैनर तले बन रही चार नई वर्टिकल हिंदी OTT फिल्मों की शूटिंग पटना और दीघा-सोनपुर क्षेत्र में शुरू हो गई है। खास बात यह है कि इन चारों फिल्मों की शूटिंग बिहार की स्थानीय लोकेशन पर की जा रही है, जिससे राज्य में फिल्म निर्माण और स्थानीय कलाकारों व तकनीशियनों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
जिन चार फिल्मों की शूटिंग शुरू हुई है, उनमें ‘रिपोर्टर साब’, ‘बवाल हो गया’, ‘दुल्हन फरार’ और ‘झोलाछाप डॉक्टर’ शामिल हैं। फिल्मों के मुहूर्त के मौके पर पूरी टीम मौजूद रही। इन प्रोजेक्ट्स के निर्माता सत्यकेतु सिंह और भरत अग्रवाल हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी अश्वनी कुमार अश्व संभाल रहे हैं। फिल्मों के प्रचार-प्रसार का जिम्मा प्रचारक संजय भूषण पटियाला के पास है।
बिहार की पृष्ठभूमि में तैयार होंगी फिल्में
इन चारों फिल्मों की शूटिंग बिहार में शुरू किए जाने को लेकर निर्माता सत्यकेतु सिंह ने कहा कि वह खुद मुजफ्फरपुर, बिहार के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से मुंबई में फिल्म निर्माण से जुड़े हुए हैं। उनके मुताबिक, मुंबई में काम करने के दौरान उन्होंने महसूस किया कि बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन कलाकारों और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोगों को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते।

सत्यकेतु सिंह का कहना है कि उनका उद्देश्य सिर्फ फिल्म बनाना नहीं, बल्कि बिहार में फिल्म निर्माण की संभावनाओं को बढ़ावा देना भी है। इसी वजह से उन्होंने इन चारों फिल्मों की शूटिंग मुंबई के बजाय पटना और सोनपुर में शुरू करने का फैसला लिया।
उन्होंने कहा कि अगर बिहार में फिल्म निर्माण का माहौल बेहतर होता है तो मुंबई के दूसरे निर्माता भी राज्य का रुख कर सकते हैं। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और फिल्म से जुड़े अन्य लोगों को अपने ही राज्य में काम करने का अवसर मिलेगा।
बिहार में फिल्म इंडस्ट्री के लिए टेक्निकल हब की जरूरत
निर्माता ने बिहार में फिल्म शूटिंग से जुड़ी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि बिहार में कलाकार और कहानियां मौजूद हैं, लेकिन शूटिंग के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं अभी भी पर्याप्त नहीं हैं। कैमरा, लाइट और अन्य तकनीकी संसाधनों के लिए कई बार मुंबई से टीम बुलानी पड़ती है।
सत्यकेतु सिंह के मुताबिक, फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले बड़ी संख्या में तकनीशियन मूल रूप से बिहार से ही जुड़े हैं। ऐसे में अगर सरकार के सहयोग से पटना में लाइन प्रोडक्शन और टेक्निकल हब तैयार किया जाता है, तो बिहार को देश के प्रमुख शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा सकता है।
देखिये ख़बर हमारे यूट्यूब चैनल पर भी: BCA विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा चाबुक: पूर्व चीफ जस्टिस बने नए एडमिनिस्ट्रेटर
उनका मानना है कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर मिलने पर बिहार में न केवल फिल्मों की शूटिंग बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इन कलाकारों की होगी अहम भूमिका
चारों नई OTT फिल्मों में भोजपुरी और हिंदी मनोरंजन जगत से जुड़े कई चर्चित कलाकार नजर आएंगे। इनमें आदर्श आनंद, नितीश कुणाल राय, प्रेम कुमार, त्रिशाकर मधु और सोनू बोल्ट सहित अन्य कलाकार शामिल हैं। फिल्मों की कहानी और किरदारों में बिहार की स्थानीय पृष्ठभूमि की झलक देखने को मिल सकती है।
वर्टिकल फॉर्मेट में बनाई जा रही इन फिल्मों को खासतौर पर मोबाइल और OTT दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में छोटे फॉर्मेट और मोबाइल फ्रेंडली कंटेंट की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। ऐसे में बिहार की लोकेशन पर बन रही ये चार फिल्में स्थानीय दर्शकों के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों के दर्शकों तक भी पहुंच बनाने की कोशिश करेंगी।
रॉकेट रील OTT पर होगी रिलीज
फिल्मों की शूटिंग शुरू होने के बाद अब इनके पोस्ट-प्रोडक्शन और रिलीज की तैयारियां भी आगे बढ़ेंगी। मेकर्स के मुताबिक, ‘रिपोर्टर साब’, ‘बवाल हो गया’, ‘दुल्हन फरार’ और ‘झोलाछाप डॉक्टर’ को जल्द ही रॉकेट रील OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा।
यह ख़बर भीं पढ़े: 21 अगस्त को OTT पर रिलीज होगी विजय की आखिरी फिल्म जन नायकन
बिहार में एक साथ चार हिंदी OTT फिल्मों की शूटिंग शुरू होना राज्य के मनोरंजन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अगर इन फिल्मों को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिलती है, तो आने वाले समय में बिहार की लोकेशन पर और भी OTT प्रोजेक्ट्स और फिल्मों की शूटिंग का रास्ता खुल सकता है। इससे राज्य के कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों को स्थानीय स्तर पर नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
भूमि आर्या की रिपोर्ट
