पटना में युवक की हत्या: झंडा फहराने के बहाने घर से बुलाया, फिर मारी गोली, आरोपियों की तलाश जारी
पटना में हत्या, मृतक की फाइल फोटो
निष्कर्ष भारत, संवाददाता पटना। पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल से शनिवार को हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार, सालिमपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में 26 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर निवासी वीरू कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद शाहपुर और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, वीरू की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि युवक को एक साजिश के तहत घर से बुलाया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।
पटना में बड़ी वारदात, झंडा फहराने की बात कहकर घर से बुलाने का आरोप
.निष्पक्ष खबरों के लिए, हमारे यूट्यूब चैनल से जुड़े…..अब और नहीं सहेंगे अनियमितता’: बिहार के अभ्यर्थियों का बड़ा आंदोलन, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की गुहार
परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले वीरू कुमार को पटना के मझौली पंचायत के वर्तमान मुखिया जुल्मी मुखिया के भगिना सोनू कुमार ने झंडा फहराने की बात कहकर घर से बुलाया था। परिजनों का कहना है कि इसके बाद जुल्मी मुखिया के दो अन्य भगिने अजीत कुमार और प्रिंस कुमार भी वीरू के घर पहुंचे। वीरू के घर से निकलने के कुछ ही समय बाद परिवार के लोगों को ग्रामीणों के माध्यम से उसकी हत्या की जानकारी मिली। बताया गया कि वीरू को गोली मार दी गई है और उसका शव सड़क पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां वीरू को मृत अवस्था में देखकर परिजनों के होश उड़ गए। परिवार के लोगों ने इस घटना को सामान्य विवाद का नतीजा मानने से इनकार करते हुए इसे पूर्व नियोजित साजिश बताया है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और घटना के पीछे किसकी भूमिका थी, यह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सिर में बेहद करीब से मारी गई गोली, पटना में स्वतंत्रता दिवस पर हडकंप
घटना की सूचना मिलते ही सालिमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लिया। इस संबध में सालिमपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वीरू कुमार और आरोपितों के बीच पहले से दोस्ती थी और घटना के समय दोनों साथ थे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपित ने वीरू के सिर में काफी करीब से गोली मार दी। गोली लगने के बाद वीरू की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों के बीच पहले से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। पैसे के विवाद और परिजनों की ओर से लगाए गए साजिश के आरोप, दोनों पहलुओं को जांच में शामिल किया गया है।
नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। थानाध्यक्ष के अनुसार, परिजनों के बयान और उनके लगाए गए आरोपों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीरू को घर से बुलाने के बाद उसे कहां ले जाया गया और हत्या से पहले उसके साथ क्या हुआ। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा, पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
परिवार में मचा कोहराम, जांच के बाद सामने आएगा पूरा सच
26 वर्षीय वीरू कुमार की अचानक हुई हत्या से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और हत्या की पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों तथा बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वीरू को वास्तव में किस वजह से घर से बुलाया गया था, पैसे के लेनदेन का विवाद कितना पुराना था और हत्या के पीछे कोई बड़ी साजिश थी या नहीं, इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पटना से राजकुमार सिंह की रिपोर्ट
