भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी-20 आज, बिहार के वैभव पर नजर, तोडेंगे सहवाग का रिकॉर्ड

वैभव

भारत-अफगानिस्तान T20 आज, वैभव के निशाने पर सहवाग का रिकॉर्ड

निष्कर्ष भारत, संवाददाता (नई दिल्ली)। भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज का पहला मुकाबला आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। तीन मैचों की सीरीज का आगाज शाम 7 बजे से होगा। इस मुकाबले में बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर खास नजर रहेगी। महज 15 साल की उम्र में भारतीय क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके वैभव के पास इस मैच में वीरेंद्र सहवाग का टी20 इंटरनेशनल छक्कों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ने का मौका है।

वैभव सूर्यवंशी अब तक भारत के लिए छह टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। इन छह मुकाबलों में उन्होंने 32.16 की औसत से 193 रन बनाए हैं। उनके नाम दो अर्धशतक हैं और स्ट्राइक रेट 189.21 का रहा है। वैभव सूर्यवंशी ने इस दौरान 14 छक्के लगाए हैं। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले में अगर उनके बल्ले से तीन छक्के निकलते हैं तो वह टी20 इंटरनेशनल में छक्कों के मामले में सहवाग से आगे निकल जाएंगे।

वैभव के निशाने पर सहवाग का रिकॉर्ड

वीरेंद्र सहवाग भारत के सबसे आक्रामक सलामी बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में 19 मैच खेले और 16 छक्के लगाए। वैभव के नाम फिलहाल 14 छक्के हैं। यानी सहवाग के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के लिए उन्हें सिर्फ तीन छक्कों की जरूरत है।

निष्पक्ष ख़बर देखिये हमारे यूट्यूब चैनल पर: IIT Patna में पुलिस और दिग्गजों की मौजूदगी .. शराब और शबाब’ वाली महफिल का सच क्या ?

वैभव की बल्लेबाजी का अंदाज देखते हुए यह उपलब्धि उनके लिए मुश्किल नहीं मानी जा सकती। छह टी20 इंटरनेशनल मैचों में उनका स्ट्राइक रेट करीब 190 का रहा है। वह शुरुआत से ही बड़े शॉट खेलने के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में दिल्ली के मैदान पर आज उनके प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रशंसकों की खास नजर रहेगी।

वैभव का IPL 2026 में दिखा विस्फोटक अंदाज

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी बल्लेबाजी से जमकर सुर्खियां बटोरीं। राजस्थान रॉयल्स ने सीजन से पहले उन्हें 1.1 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। इसके बाद वैभव ने पूरे सीजन में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से प्रभावित किया।

आईपीएल 2026 में उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले। उनका स्ट्राइक रेट 237.3 रहा। सबसे खास बात यह रही कि वैभव ने पूरे सीजन में 72 छक्के लगाए और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज रहे। वैभव का टी20 क्रिकेट में रिकॉर्ड भी उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की तस्वीर पेश करता है। उन्होंने अब तक सिर्फ 40 टी20 मैचों में 148 छक्के लगाए हैं। इसके मुकाबले सहवाग ने अपने पूरे टी20 करियर में 159 मैच खेलकर 147 छक्के लगाए थे। सहवाग ने टी20 क्रिकेट में 4,061 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 147.83 रहा।

वैभव के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तेजी से बढ़ता सफर

वैभव का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सफर भी बेहद कम उम्र में शुरू हुआ। 15 साल 99 दिन की उम्र में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया। इस उपलब्धि के साथ वह दुनिया के सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए।

उनसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों में पाकिस्तान के हसन रजा का नाम सबसे ऊपर है। हसन रजा ने 1996 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 14 साल 227 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।

भारत की बात करें तो वैभव ने कम उम्र में डेब्यू के मामले में सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ा। सचिन ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल 205 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। महिला क्रिकेट में शेफाली वर्मा ने 15 साल 239 दिन की उम्र में भारत के लिए पहला मैच खेला था।

वैभव के T20 डेब्यू में भी बने कई रिकॉर्ड

वैभव ने अपने टी20 इंटरनेशनल डेब्यू में 10 गेंदों पर 14 रन बनाए थे। उनकी छोटी पारी में दो छक्के शामिल थे। हालांकि, वह अपने डेब्यू मैच में स्टंप आउट होने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी भी बने। उन्हें विल जैक्स की गेंद पर जोस बटलर ने स्टंप किया था।

बल्लेबाजी के अलावा वैभव ने फील्डिंग में भी योगदान दिया और अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में कैच पकड़ा। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की झलक शुरुआत से ही देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सिर्फ तीसरी गेंद पर उन्होंने छक्का जड़ दिया था। उन्होंने जोफ्रा आर्चर की पहली गेंद पर सिक्स लगाकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला छक्का पूरा किया था।

टी20 इंटरनेशनल में छक्कों की रेस में अभी लंबा सफर

सहवाग के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के बेहद करीब पहुंच चुके वैभव के सामने टी20 इंटरनेशनल में भारत के सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अभी लंबा सफर तय करना है। इस सूची में रोहित शर्मा 205 छक्कों के साथ सबसे ऊपर हैं। सूर्यकुमार यादव 179 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। हार्दिक पांड्या के नाम 126 छक्के हैं, जबकि विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने तक 124 छक्के लगाए। वैभव अभी इस सूची में काफी पीछे हैं, लेकिन जिस गति से वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आगे बढ़ रहे हैं, उसे देखते हुए आने वाले वर्षों में वह कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।

सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में वैभव का नाम

वैभव का नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी शामिल है। पुरुष क्रिकेट में रोमानिया के मारियन गेरासिम ने 2020 में 14 साल और 16 दिन की उम्र में टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था।

वहीं, महिला क्रिकेट में जर्सी की निया चार्लोट ग्रेग ने 2019 में 11 साल 40 दिन की उम्र में पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था। उनके नाम सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट डेब्यू का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है।

अब दिल्ली में भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले पहले टी20 मुकाबले में वैभव एक बार फिर मैदान पर उतरेंगे। उनके सामने न केवल भारत को मजबूत शुरुआत देने की चुनौती होगी, बल्कि व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करने का भी मौका रहेगा।

Nishkarsh Bharat

राजकुमार सिंह की रिपोर्ट

You may have missed