जमुई में महिला ने क्यों उठाया खौफनाक कदम? सुसाइड नोट में बताई बात
जमुई में 30 वर्षीय प्रेमलता देवी की आत्महत्या से सनसनी। पुलिस को मिला सुसाइड नोट, जिसमें महिला ने किसी को भी अपनी मौत का जिम्मेदार नहीं ठहराया।
निष्कर्ष भारत, संवाददाता (जमुई)। जमुई में महिला आत्महत्या का एक मामला सामने आया है। लछुआड़ थाना क्षेत्र के नवाबगंज गांव में 30 वर्षीय प्रेमलता देवी का शव घर के बाहर बरामदे में फंदे से लटका मिला। घटना से पहले महिला ने अपने पति और बच्चे को कमरे में बंद कर दिया था। इसके बाद वह बरामदे में चली गई और दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की तो वहां से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ।
मृतका की पहचान नवाबगंज निवासी धनराज महतो की पत्नी प्रेमलता देवी के रूप में हुई है। वह जीविका समूह से जुड़कर काम करती थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात यह घटना हुई। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में प्रेमलता ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। उसने साफ तौर पर लिखा है कि उसने यह कदम अपनी मर्जी से उठाया है और मायके या ससुराल पक्ष का इसमें कोई दोष नहीं है।
जमुई में पति और बच्चे को कमरे में बंद कर उठाया कदम
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात प्रेमलता ने अपने पति धनराज महतो और बच्चे को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वह घर के बाहर बरामदे में चली गई। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका देखा। घर के बाहर महिला का शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे।
निष्पक्ष ख़बर देखिये हमारे यूट्यूब चैनल पर: जीविका हेडक्वार्टर में अवैध पेड़ कटाई का खौफनाक सच बेनकाब,कैमरा देखते ही भागे इंजीनियर!
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी ली। इस दौरान बरामदे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। पुलिस ने नोट को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। सुसाइड नोट में उसने किसी तरह के पारिवारिक विवाद या प्रताड़ना का जिक्र नहीं किया है।
सुसाइड नोट में लिखा- मुझे जीने की इच्छा खत्म हो चुकी थी
इस मामले में सबसे अहम बात घटनास्थल से मिला सुसाइड नोट है। प्रेमलता ने अपने आखिरी संदेश में लिखा कि उसने यह कदम पूरे होशो-हवास में और अपनी इच्छा से उठाया है। उसने किसी भी व्यक्ति पर दबाव बनाने या प्रताड़ित करने का आरोप नहीं लगाया।
नोट में प्रेमलता ने लिखा, “आज मैं जो भी कदम उठाई हूं, अपने होशो-हवास में उठाई हूं। न तो मैं किसी दबाव में आकर ऐसा कर रही हूं और न ही मुझे किसी ने प्रताड़ित किया है। आज मैंने जो कुछ किया है, इसका कारण न मेरे मायके के लोग हैं और न ही ससुराल वाले। इसलिए किसी के ऊपर आरोप नहीं लगाया जाए और न ही किसी को सजा सुनाई जाए।”
उसने आगे लिखा, “जो भी मौजूद हैं, सदा खुश रहें और स्वस्थ रहें। मुझसे जो भी गलती हुई है, उसके लिए मुझे माफ कर दीजिएगा। इसके आगे और क्या लिखूं। मैं एक ही अनुरोध कर रही हूं कि मैंने जो कुछ किया, अपनी मर्जी से किया है। मुझे जीने की इच्छा खत्म हो चुकी थी। इसलिए किसी को दोषी नहीं ठहराया जाए।”

सुसाइड नोट में लिखी इन बातों से महिला की मानसिक स्थिति को लेकर कई सवाल उठते हैं। हालांकि, केवल नोट के आधार पर उसकी आत्महत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट नहीं होती। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जमुई में 15 साल पहले हुई थी प्रेमलता की शादी
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रेमलता देवी की शादी करीब 15 साल पहले नवादा जिले के बड़ी गुलनी गांव में हुई थी। वह शादी के बाद अपने पति के साथ नवाबगंज में रह रही थी और जीविका समूह से जुड़कर काम करती थी।
मृतका के रिश्तेदार पंकज कुमार ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच कभी किसी तरह का विवाद नहीं था। उनके मुताबिक, घटना की जानकारी प्रेमलता के पति धनराज ने ही दी थी। जब परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो प्रेमलता का शव बरामदे में मिला। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
खबरें हमारे फेसबुक पर भी, लगातार खबरों के लिए फेसबुक से जुड़े
रिश्तेदारों के इस बयान और सुसाइड नोट में किसी पर आरोप नहीं लगाए जाने के बावजूद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। आत्महत्या जैसे मामले में घटना से पहले की परिस्थितियों, पारिवारिक स्थिति और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल जरूरी होती है।
पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर की पूछताछ
घटना के बाद पुलिस ने प्रेमलता के पति धनराज महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पुलिस ने उनसे घटना के समय घर में मौजूद लोगों और घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली। कुछ घंटे पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
लछुआड़ थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि महिला की मौत फांसी लगाने से हुई है। घटनास्थल से सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिसमें महिला ने किसी को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है। पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर सुसाइड नोट में प्रेमलता ने अपनी इच्छा से कदम उठाने और किसी को दोषी नहीं मानने की बात लिखी है, वहीं दूसरी ओर पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाली जानकारियों से मामले की परिस्थितियों को समझने में मदद मिल सकती है।
पटना से संवाददाता की रिपोर्ट
