CRPF पोस्ट हमले का आरोपी लतीफ भट कुलगाम में ढेर, बोला- अल्लाह से मिलना है

CRPF

कुलगाम में CRPF पोस्ट हमले के आरोपी लश्कर आतंकी लतीफ भट को सुरक्षा बलों ने मार गिराया। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

निष्कर्ष भारत, संवाददाता (कुलगाम)। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों ने CRPF पोस्ट पर हमले के आरोपी लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मुठभेड़ में मार गिराया है। बुधवार सुबह कुलगाम के जंगलपोरा इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकी के बीच मुठभेड़ शुरू हुई थी। लतीफ को पकड़ने के लिए जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि वह एक मस्जिद में छिपा हुआ था। सुरक्षा बलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। पुलिस के मुताबिक, लतीफ पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF पोस्ट पर हुई फायरिंग में शामिल था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे।

CRPF पोस्ट हमले के आरोपी लतीफ ने सरेंडर से किया इनकार

कुलगाम के जंगलपोरा इलाके में सुरक्षा बलों को लतीफ भट के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद बुधवार सुबह इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सुरक्षा बलों ने आसपास के क्षेत्रों की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज किया। इसी दौरान पता चला कि आतंकी एक मस्जिद के भीतर छिपा हुआ है।

निष्पक्ष ख़बर देखिये हमारे यूट्यूब चैनल पर: छठ पूजा पर बयान पड़ा था भारी! Lalu Yadav ने Raj Thackeray को दी थी 2008 चुनौती…

सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बलों ने स्थानीय लोगों की मदद से लतीफ से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क किया। जवानों ने उसे हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। उसे भरोसा दिलाया गया कि सुरक्षा बल उसके साथ हैं और उसे सरेंडर करने का मौका दिया जाएगा।

हालांकि, लतीफ ने आत्मसमर्पण करने से साफ इनकार कर दिया। बातचीत के दौरान उसने कहा कि उसे अल्लाह से मिलना है और वह सरेंडर नहीं करेगा। उसने खुद को मौत के लिए तैयार बताते हुए कहा कि वह अल्लाह को देखेगा। इसके बाद सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन जारी रखा और मुठभेड़ में उसे मार गिराया।

CRPF पोस्ट पर 11 नवंबर को हुई थी फायरिंग

लतीफ भट का नाम 11 नवंबर को कुलगाम के नौपोरा अखरान इलाके में CRPF पोस्ट पर हुए हमले के बाद सामने आया था। इस हमले में लतीफ और उसके सहयोगी उमर निसार डार ने कथित तौर पर मिलकर सुरक्षा बलों की पोस्ट पर फायरिंग की थी। गोलीबारी में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे।

खबरें हमारे फेसबुक पर भी, लगातार खबरों के लिए फेसबुक से जुड़े

हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में आतंकियों की तलाश शुरू कर दी थी। दोनों आतंकियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। सुरक्षा बलों को 16 नवंबर को बड़ी सफलता मिली, जब मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया।

शुरुआत में सेना की ओर से लतीफ के भी मारे जाने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन बाद में स्पष्ट किया गया कि वह मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बावजूद भागने में सफल रहा था। इसके बाद उसकी तलाश में ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद ली गई। मंगलवार को भी इलाके में तलाशी अभियान जारी रहा। आखिरकार बुधवार को सुरक्षा बलों ने उसे घेरकर मार गिराया।

₹15 लाख का इनामी लश्कर कमांडर था लतीफ भट

मोहम्मद लतीफ भट उर्फ लतीफ बट जम्मू-कश्मीर पुलिस की वांटेड आतंकियों की सूची में शामिल था। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उसकी तस्वीर के साथ पोस्टर जारी कर उसे पकड़ने में मदद करने की अपील भी की थी।

22 वर्षीय लतीफ कुलगाम जिले के ख्रेवां चादेर (अशमुजी) का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, वह वर्ष 2025 की शुरुआत में अचानक अपने घर से लापता हो गया था। काफी समय तक उसका पता नहीं चलने पर परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, बाद में पाकिस्तान में बैठे ऑपरेटिव सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) में शामिल कराया था। इसके बाद वह आतंकी गतिविधियों में सक्रिय हो गया और सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर आ गया।

पढ़ाई छोड़कर बढ़ई का काम करने लगा था लतीफ

लतीफ भट की शुरुआती पढ़ाई कुलगाम के अशमुजी स्थित सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में हुई थी। उसने यहां से 12वीं तक की शिक्षा हासिल की थी। इसके बाद उसने कुछ समय तक कुलगाम के सरकारी डिग्री कॉलेज में भी पढ़ाई की।

हालांकि, उसने आगे की पढ़ाई पूरी नहीं की और बाद में बढ़ई का काम करने लगा। परिवार के मुताबिक, वर्ष 2025 की शुरुआत में उसके घर से गायब होने के बाद उसकी गतिविधियों को लेकर जानकारी सामने आने लगी थी। सुरक्षा एजेंसियों की जांच में उसका नाम लश्कर के सक्रिय नेटवर्क से जुड़ा मिला।

पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए इनाम घोषित किया था। उसकी तलाश में अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाए जा रहे थे। अब कुलगाम में हुई मुठभेड़ के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसे मार गिराने का दावा किया है।

CRPF हमले से पहले छह महीने तक उमर ने दी थी पनाह

इस पूरे मामले में उमर निसार डार की भूमिका भी जांच एजेंसियों के लिए अहम रही है। बताया जा रहा है कि 11 नवंबर को CRPF पोस्ट पर हमले में शामिल लतीफ भट को उमर ने करीब छह महीने तक अपने यहां पनाह दी थी। दोनों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी भी की थी।

उमर निसार डार कुलगाम के अखरान इलाके का रहने वाला था। वह पेशे से ब्रेड बनाने का काम करता था। बाद में उसके आतंकी संगठन से जुड़ने की जानकारी सामने आई। रिपोर्ट्स के अनुसार, घर छोड़ने के बाद उसने द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) का नेटवर्क जॉइन किया था।

16 नवंबर को कुलगाम के लारनू बाईपास इलाके में हुई मुठभेड़ में उमर मारा गया था। इसके बाद लतीफ वहां से बचकर निकल गया था। सुरक्षा बलों ने उसकी तलाश जारी रखी और आखिरकार जंगलपोरा में उसे घेर लिया।

कुलगाम में सुरक्षा बलों का अभियान तेज

कुलगाम और अनंतनाग में इस साल हुई आतंकी घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं। लतीफ भट का नाम इन इलाकों में हुए कई हमलों से जुड़ा बताया गया था। CRPF पोस्ट पर हमले के बाद सुरक्षा बलों ने उसके नेटवर्क और सहयोगियों की पहचान करने के लिए अभियान तेज किया था।

लतीफ और उमर के मारे जाने को सुरक्षा एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। हालांकि, जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है और हमले के लिए आतंकियों को किस स्तर पर मदद मिली थी।

कुलगाम में हुई इस कार्रवाई के साथ 11 नवंबर के CRPF पोस्ट हमले के दोनों प्रमुख आरोपितों का अंत हो गया है। अब सुरक्षा एजेंसियों की नजर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों और स्थानीय मददगारों की पहचान पर है।

Nishkarsh Bharat

पटना से संवाददाता की रिपोर्ट