सितंबर में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाएगी 14 फिल्में, मिर्जापुर भी शामिल, कई फिल्मों का होगा क्लैश
सितंबर में 14 फिल्मों का धमाका, बॉक्स ऑफिस पर होगा क्लैश
निष्कर्ष भारत संवाददाता नई दिल्ली। आने वाला महीना सिनेमा प्रेमियों के लिए बेहद खास रहने वाला है। सितंबर में एक के बाद एक कई बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं। हिंदी सिनेमा के साथ साउथ और हॉलीवुड की चर्चित फिल्मों का भी बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला देखने को मिलेगा। पंकज त्रिपाठी, अली फजल, अक्षय कुमार, मनोज बाजपेयी, करीना कपूर खान, नानी और सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे सितारे अलग-अलग फिल्मों के साथ दर्शकों के बीच पहुंचेंगे।
क्राइम थ्रिलर से लेकर एक्शन, कॉमेडी, फैंटेसी, सर्वाइवल और पौराणिक फिल्मों तक सितंबर में दर्शकों के पास कई विकल्प होंगे। महीने की शुरुआत ही फिल्मों के क्लैश से होगी और अंतिम सप्ताह में भी बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है।
सितंबर की शुरुआत में तीन फिल्मों की टक्कर, 4 सितंबर को ‘मिर्जापुर’ का सिनेमाई सफर
4 सितंबर को सबसे ज्यादा चर्चा ‘मिर्जापुर – द मूवी’ की है। यह लोकप्रिय वेब सीरीज की कहानी और किरदारों को बड़े पर्दे पर लेकर आ रही है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी और अली फजल नजर आएंगे। वहीं मुन्ना भैया के किरदार में दिव्येंदु की वापसी भी दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण है।
इसे भी पढ़िए…. OTT पर धमाल मचाएंगे थलापति विजय…इस दिन रिलीज होगी आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’, यहां देख सकेंगे, नोट कर ले डेट
फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों में उत्सुकता है और एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत की उम्मीद की जा रही है।
‘जीवन बीमा योजना’ में अरशद वारसी का डबल रोल
इसी दिन ‘जीवन बीमा योजना’ भी रिलीज होगी। अभिषेक डोगरा के निर्देशन में बनी यह क्राइम-कॉमेडी फिल्म गलतफहमियों और जुड़वा किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है। अरशद वारसी इसमें डबल रोल में दिखाई देंगे। उनके साथ संजीदा शेख और विजय राज भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।

हॉलीवुड की ‘हाउ टू रॉब ए बैंक’
4 सितंबर को हॉलीवुड की ‘हाउ टू रॉब ए बैंक’ भी दर्शकों के बीच आएगी। डेविड लीच के निर्देशन में बनी एक्शन-थ्रिलर फिल्म में निकोलस हॉल्ट नजर आएंगे। कहानी ऐसे बैंक लुटेरों के इर्द-गिर्द है जो अपनी वारदातों को सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीम करते हैं।
सितंबर में अक्षय कुमार और मनोज बाजपेयी की भिड़ंत, 11 सितंबर को ‘लास्ट मैन इन टावर’
11 सितंबर को मनोज बाजपेयी स्टारर ‘लास्ट मैन इन टावर’ रिलीज होगी। यह अरविंद अडिगा के चर्चित उपन्यास पर आधारित ड्रामा फिल्म है। इसमें मनोज बाजपेयी एक सेवानिवृत्त शिक्षक ‘मास्टरजी’ की भूमिका निभा रहे हैं, जो एक ताकतवर रियल एस्टेट डेवलपर के खिलाफ अकेले खड़े होते हैं।
देखिये खबर हमारे यूट्यूब चैनल पर भी: डाक बंगला बना रणक्षेत्र! पुलिस-छात्रों में धक्का-मुक्की, घायल हुई छात्रा
फिल्म में बोमन ईरानी और दिव्या दत्ता भी अहम किरदारों में हैं। कहानी सामाजिक टकराव और आम आदमी की मजबूती को सामने लाती है।
‘हैवान’ में खतरनाक अंदाज में अक्षय कुमार
इसी दिन प्रियदर्शन की ‘हैवान’ भी रिलीज होने वाली है। यह सस्पेंस क्राइम-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें अक्षय कुमार एक खतरनाक विलेन की भूमिका में दिखाई देंगे। उनके साथ सैफ अली खान, बोमन ईरानी और सैयामी खेर नजर आएंगे।

अक्षय कुमार को नकारात्मक किरदार में देखने की उत्सुकता इस फिल्म को सितंबर की प्रमुख रिलीज में शामिल करती है।
सितंबर की सबसे व्यस्त तारीख, 18 को पांच फिल्में
18 सितंबर बॉक्स ऑफिस के लिए बेहद व्यस्त दिन रहेगा। इस तारीख को एक साथ पांच फिल्में रिलीज होने वाली हैं।
मेघना गुलजार की ‘दायरा’ इन फिल्मों में प्रमुख है। करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर यह इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर है। फिल्म की कहानी जांच और अपराध की दुनिया के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है।
कुणाल खेमू की ‘वाइब’ भी इसी दिन आएगी। यह एक्शन-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें कुणाल खेमू के साथ प्रीति जिंटा और स्पर्श श्रीवास्तव नजर आएंगे।
‘लव लॉटरी’ मर्डर मिस्ट्री पर आधारित लीगल ड्रामा है। इसमें अक्षय ओबेरॉय और हेली दारूवाला मुख्य भूमिकाओं में हैं।
हॉलीवुड की ‘रेजिडेंट ईविल’ भी 18 सितंबर को रिलीज होगी। जैक क्रेगर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में ऑस्टिन एब्राम्स मुख्य भूमिका में हैं।
इसी दिन ‘भारत देश है मेरा’ भी सिनेमाघरों में दस्तक देगी। आदर्श जैन के निर्देशन में बनी इस ड्रामा-थ्रिलर फिल्म में अनूप जलोटा, आदित्य मोहन और के.के. गोस्वामी नजर आएंगे।
सितंबर में नानी की ‘द पैराडाइज’ पर नजर
24 सितंबर को नानी की पैन-इंडिया फिल्म ‘द पैराडाइज’ रिलीज होगी। फिल्म की कहानी 1980 के दशक के सिकंदराबाद की पृष्ठभूमि में रखी गई है। यह एक एक्शन फिल्म है और इसमें संगीत अनिरुद्ध रविचंदर का है।
नानी की लोकप्रियता और फिल्म के बड़े स्तर के कारण दक्षिण भारतीय सिनेमा के साथ हिंदी बेल्ट में भी इसे लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बनी हुई है।
25 सितंबर को तीन फिल्मों का बड़ा क्लैश
सितंबर के आखिरी सप्ताह में भी बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला कम नहीं होगा। 25 सितंबर को तीन अलग-अलग जॉनर की फिल्में एक साथ रिलीज होंगी।
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर ‘द वान – फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ फैंटेसी एक्शन फिल्म है। कहानी एक प्रतिबंधित जंगल से जुड़ी है, जहां इंसानों के पहुंचने के बाद प्राचीन शक्तियां जाग उठती हैं।
इसी दिन डेविड आयरे की ‘हार्ट ऑफ द बीस्ट’ भी रिलीज होगी। डेमियन शैजेल के निर्माण से जुड़ी इस सर्वाइवल थ्रिलर में ब्रैड पिट एक पूर्व नेवी सील अधिकारी की भूमिका में हैं, जो अपने मिलिट्री डॉग के साथ अलास्का के जंगलों में जिंदगी बचाने की कोशिश करता है।
25 सितंबर को ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा – श्री राम की’ भी सिनेमाघरों में आएगी। यह पौराणिक भक्ति फिल्म भगवान हनुमान के दृष्टिकोण से रामायण की कथा प्रस्तुत करेगी। फिल्म में देव शर्मा और अंजलि अरोड़ा प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
बॉक्स ऑफिस पर सितंबर का महीना रहेगा खास
सितंबर 2026 में अलग-अलग जॉनर की फिल्मों की लंबी कतार देखने को मिलेगी। एक तरफ ‘मिर्जापुर – द मूवी’ जैसी लोकप्रिय फ्रेंचाइजी की फिल्म दर्शकों को आकर्षित करेगी, तो दूसरी ओर अक्षय कुमार, मनोज बाजपेयी, करीना कपूर खान, नानी और सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे सितारों की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अपनी जगह बनाने की कोशिश करेंगी।
राजकुमार सिंह की रिपोर्ट
