पिता को खोने से लेकर बॉलीवुड में पहचान बनाने तक, गणेश आचार्य की जिंदगी पर बनी फिल्म का ट्रेलर रिलीज
गणेश आचार्य की बायोपिक का ट्रेलर रिलीज
निष्कर्ष भारत संवाददाता- बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर गणेश आचार्य की जिंदगी अब बड़े पर्दे पर दिखाई देने वाली है। उनकी बायोग्राफिकल फिल्म ‘गणेश डस्ट टू स्टारडस्ट’ का ट्रेलर रविवार, 11 अक्टूबर को रिलीज कर दिया गया। फिल्म में एक साधारण परिवार से निकलकर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने तक के गणेश आचार्य के सफर को दिखाया गया है। इसमें उनके संघर्ष, आर्थिक परेशानियों, डांस के प्रति जुनून और सफलता पाने के लिए किए गए त्याग की झलक देखने को मिलती है। फिल्म का निर्देशन खुद गणेश आचार्य ने किया है और यह 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
कैसा है ‘गणेश डस्ट टू स्टारडस्ट’ का ट्रेलर?
फिल्म का ट्रेलर गणेश आचार्य के जीवन के मुश्किल दौर से शुरू होकर उनके सपनों और मेहनत की कहानी को सामने लाता है। ट्रेलर में कम उम्र में पिता को खोने, आर्थिक तंगी का सामना करने और छोटी उम्र से ही काम करके परिवार की मदद करने जैसे पहलुओं को दिखाया गया है। इसके साथ ही डांस के प्रति उनका लगाव और इसी क्षेत्र में करियर बनाने की जिद भी कहानी का अहम हिस्सा है।
ट्रेलर में भावनात्मक पलों के साथ डांस और फिल्म इंडस्ट्री में जगह बनाने की कोशिशों को दिखाया गया है। फिल्म यह बताने की कोशिश करती है कि सफलता के पीछे केवल प्रतिभा नहीं, बल्कि लगातार मेहनत, त्याग और मुश्किल हालात से लड़ने का जज्बा भी जरूरी होता है।
अक्षय कुमार और अजय देवगन ने भी किया ट्रेलर शेयर
‘गणेश डस्ट टू स्टारडस्ट’ को बॉलीवुड से भी समर्थन मिला है। अभिनेता अक्षय कुमार और अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर फिल्म का ट्रेलर शेयर किया। अक्षय कुमार ने गणेश आचार्य के साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए उनके सफर पर खुशी और गर्व जाहिर किया।
निष्पक्ष ख़बर देखिये हमारे यूट्यूब चैनल पर: CJP के समर्थन में Pappu Yadav की हुंकार , विरोधियो को किया पस्त जानिए क्या कहा ?
अक्षय ने कहा कि वह गणेश आचार्य को लंबे समय से जानते हैं और उन्हें याद है कि गणेश ने उनके साथ अपने शुरुआती कोरियोग्राफी प्रोजेक्ट्स में काम किया था। उन्होंने गणेश की साधारण शुरुआत से लेकर आज तक के सफर को उनकी मेहनत और प्रतिभा का नतीजा बताया।
गणेश आचार्य ने फिल्म को लेकर क्या कहा?
गणेश आचार्य के मुताबिक, हर इंसान को सपने देखने का अधिकार है, लेकिन केवल सपने देखने से मंजिल नहीं मिलती। उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करनी पड़ती है, त्याग करना पड़ता है और मुश्किल परिस्थितियों में भी आगे बढ़ते रहना होता है।
उन्होंने कहा कि ‘गणेश डस्ट टू स्टारडस्ट’ के जरिए इसी सोच को पर्दे पर उतारने की कोशिश की गई है। फिल्म उनके व्यक्तिगत और पेशेवर सफर को सामने लाती है। यह कहानी उन लोगों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं।
कौन-कौन से कलाकार आएंगे नजर?
फिल्म में शिवांशु सोनी, आलोक शॉ, सुकन्या कलान और साक्षी पावस्कर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को V2S Production & Entertainment प्रस्तुत कर रहा है, जबकि इसका निर्माण सौंदर्या आचार्य ने किया है।
खबरें हमारे फेसबुक पर भी, लगातार खबरों के लिए फेसबुक से जुड़े
फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद गणेश आचार्य तथा दिगांगना सूर्यवंशी ने लिखे हैं। इसका संगीत और बैकग्राउंड स्कोर जुनैद कुमार ने तैयार किया है। गानों के बोल समीर अनजान और गणेश आचार्य ने लिखे हैं। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी अजय पांडे ने संभाली है, जबकि राकेश राम ने फिल्म का संपादन किया है।
इन हिट गानों को कोरियोग्राफ कर चुके हैं गणेश आचार्य
गणेश आचार्य ने 1990 के दशक में कोरियोग्राफर के रूप में अपना करियर शुरू किया था। उन्होंने हिंदी सिनेमा के कई लोकप्रिय गानों को अपनी कोरियोग्राफी से यादगार बनाया है। इनमें फिल्म ‘ओमकारा’ का ‘बीड़ी जलइले’, ‘अग्निपथ’ का ‘चिकनी चमेली’ और ‘बाजीराव मस्तानी’ का ‘मल्हारी’ शामिल हैं।

इसके अलावा, उन्होंने फिल्म ‘भाग मिल्खा भाग’ के गाने ‘हवन कुंड’ और ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ के गाने ‘गोरी तू लठ मार’ के लिए सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी जीता है। कोरियोग्राफी के अलावा गणेश आचार्य ‘स्वामी’ और ‘मनी है तो हनी है’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं और अभिनय भी किया है।
ये भी पढ़े: नाना पाटेकर की 5 फिल्में रिलीज के लिए तैयार, ‘शक्ति शालिनी’ से ‘वेदांत’ तक दिखेगा अभिनय का अलग अंदाज
कब रिलीज होगी फिल्म?
‘गणेश डस्ट टू स्टारडस्ट’ 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का ट्रेलर गणेश आचार्य की जिंदगी के उन पहलुओं की झलक देता है, जिनके बारे में दर्शक कम जानते हैं।
अब देखना होगा कि उनकी मेहनत, संघर्ष और सफलता पर आधारित यह कहानी बड़े पर्दे पर दर्शकों से कितना जुड़ पाती है।
भूमि आर्या की रिपोर्ट
