पटना में CTET अभ्यर्थियों का हल्ला बोल, शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर बैठे, TRE-4 में मौका देने की मांग

CTET

CTET अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर TRE-4 में मौका मांग रहे

निष्कर्ष भारत संवाददाता पटना। CTET अभ्यर्थियों ने मंगलवार को पटना में BPSC TRE-4 को लेकर मोर्चा खोल दिया। शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद बड़ी संख्या में CTET कैंडिडेट शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास के बाहर पहुंच गए। अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि उन्हें भी TRE-4 में शामिल होने का अवसर दिया जाए और रिक्त पदों की संख्या बढ़ाई जाए। सुबह करीब 6:30 बजे से अभ्यर्थी मंत्री के आवास के बाहर बैठे हैं और मुलाकात की मांग कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे अपनी मांग को लेकर किसी टकराव के बजाय सीधे शिक्षा मंत्री से बातचीत करना चाहते हैं। उनका कहना है कि शिक्षा मंत्री को वे अपना अभिभावक मानते हैं और उम्मीद है कि उनकी समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा। हालांकि, काफी देर तक मुलाकात नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती गई।

CTET अभ्यर्थियों का सवाल- STET को मौका तो हमें क्यों नहीं?

TRE-4 के नोटिफिकेशन के बाद CTET अभ्यर्थियों के बीच सबसे बड़ा सवाल पात्रता को लेकर है। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि STET अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया गया है, तो CTET अभ्यर्थियों को इससे अलग क्यों रखा जा रहा है।

इसे भी पढ़िए…शिवहर में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का शिकंजा, 80 कार्टन नेपाली शराब जब्त, तस्कर फरार

अभ्यर्थियों का तर्क है कि BPSC TRE-4 का नोटिफिकेशन करीब दो साल बाद आया है। ऐसे में लंबे समय से शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह बड़ा अवसर है। उनका कहना है कि यदि इस चरण में उन्हें मौका नहीं मिला तो बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का इंतजार और लंबा हो जाएगा।

CTET को TRE-4 में शामिल करने की मांग

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री से मांग की है कि नियमों में आवश्यक बदलाव कर CTET उम्मीदवारों को भी TRE-4 में आवेदन और परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षक भर्ती में सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग भी रखी है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी मांग सिर्फ एक परीक्षा में शामिल होने तक सीमित नहीं है। वे इसे अपने रोजगार और भविष्य से जुड़ा मुद्दा मान रहे हैं। उनका कहना है कि शिक्षक बनने के लिए लंबे समय से तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया में पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए।

CTET अभ्यर्थियों ने याद दिलाया TRE-1 का मौका

प्रदर्शनकारियों ने यह भी सवाल उठाया कि जब TRE-1 में CTET अभ्यर्थियों को मौका दिया गया था, तो TRE-4 में उन्हें इससे वंचित क्यों किया जा रहा है। इसी आधार पर अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री से नियमों और पात्रता को लेकर स्पष्ट जवाब मांग रहे हैं।

देखिये ख़बर हमारे यूट्यूब चैनल पर भी: Sanjay Singh पर इल्ज़ाम लगाने वाले अपने गिरेबान में झाँक ले,मंत्री ने कर दिया मानहानि का मुकदमा…

उनका कहना है कि यदि पहले भर्ती प्रक्रिया में अवसर दिया गया था तो मौजूदा भर्ती में अलग व्यवस्था को लेकर सरकार को स्थिति साफ करनी चाहिए। अभ्यर्थी चाहते हैं कि सरकार उनकी मांग पर सकारात्मक फैसला ले और TRE-4 में शामिल होने का रास्ता तैयार करे।

शिक्षा मंत्री को बताया अपना गार्जियन

प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने कहा कि वे शिक्षा मंत्री को अपना गार्जियन मानते हैं। उनका कहना है कि वे अपने भविष्य की समस्या लेकर मंत्री के दरवाजे पर पहुंचे हैं और उन्हें उम्मीद है कि मंत्री उनकी बात जरूर सुनेंगे।

अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री के पुराने बयान का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि मंत्री ने कहा था कि उनका दरबार खुला है और अपनी समस्या लेकर कोई भी व्यक्ति उनके पास आ सकता है। ऐसे में प्रदर्शनकारी उम्मीदवारों का सवाल है कि जब संवाद के लिए दरवाजा खुला है तो उनकी बात सुनने के लिए मुलाकात क्यों नहीं हो रही है।

CTET अभ्यर्थियों ने दी अनशन की चेतावनी

मुलाकात नहीं होने से नाराज कुछ अभ्यर्थियों ने अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि वे अपने भविष्य की मांग लेकर सुबह से यहां बैठे हैं और शिक्षा मंत्री से मिले बिना वापस जाने का उनका इरादा नहीं है।

अभ्यर्थियों ने साफ किया कि वे बातचीत के जरिए समाधान चाहते हैं। उनका कहना है कि यदि सरकार उनकी मांग पर विचार करती है तो आंदोलन की जरूरत नहीं पड़ेगी। लेकिन मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जा सकता है।

मंत्री आवास के बाहर प्रशासन अलर्ट

शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर अभ्यर्थियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। पुलिस बल की संख्या बढ़ाई जा रही है और पदाधिकारी प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने का प्रयास कर रहे हैं।

हालांकि, अभ्यर्थी अपनी मांग पर कायम हैं। उनका कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से शिक्षा मंत्री से मुलाकात करना चाहते हैं और अपनी बात रखने के बाद ही आगे का फैसला करेंगे। मौके पर स्थिति को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।

पहले भी शिक्षा मंत्री से मिले थे अभ्यर्थी

इससे पहले BPSC TRE-4 में म्यूजिक शिक्षक की वैकेंसी बढ़ाने की मांग को लेकर भी अभ्यर्थियों का एक समूह शिक्षा मंत्री के आवास पहुंचा था। उस दौरान मंत्री ने उनसे बातचीत की थी और सरकार की ओर से सकारात्मक प्रयास का भरोसा दिया था।

मंत्री ने अभ्यर्थियों से कहा था कि परीक्षा की तारीख जारी होने तक रिक्तियों में बदलाव की संभावना बनी रहती है। उन्होंने कहा था कि जहां पद रिक्त होंगे, वहां से वैकेंसी मंगाई जाएगी और जरूरत के अनुसार पद बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है।

सरकार के रुख पर टिकी नजर

शिक्षा मंत्री ने पहले कहा था कि सरकार युवाओं और छात्रों के हितों को लेकर गंभीर है। अच्छे शिक्षक स्कूलों में पहुंचे और शिक्षा व्यवस्था मजबूत हो, इसे सरकार की प्राथमिकता बताया गया था। उन्होंने अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी जारी रखने की सलाह भी दी थी।

अब CTET अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बाद उनकी मांग पर सरकार क्या निर्णय लेती है, इस पर सभी की नजर है। फिलहाल प्रदर्शनकारी TRE-4 में अवसर और सीटों में बढ़ोतरी की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री से मुलाकात का इंतजार कर रहे हैं। सरकार की ओर से इस मांग पर आधिकारिक फैसला आने के बाद ही आंदोलन की अगली दिशा स्पष्ट होगी।

Nishkarsh Bharat

राज कुमार की रिपोर्ट