मुजफ्फरपुर में बेटी के प्रेमी को पकड़ा, फिर गला दबाकर हत्या; माता-पिता गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर में नाबालिग की गला दबाकर हत्या का आरोप है। पुलिस ने आरोपी पिता, मां और नाबालिग बेटी को पकड़ा, झाड़ियों से शव मिला।
निष्कर्ष भारत, संवाददाता ( मुजफ्फरपुर)। मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़के की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, टेंट और डीजे कारोबारी ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने के बाद 15 वर्षीय पिंटू कुमार की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को गांव से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में छिपा दिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी कारोबारी, उसकी पत्नी और नाबालिग बेटी को पकड़ा है।
मुजफ्फरपुर में दो दिन से लापता था पिंटू
घटना कटरा थाना क्षेत्र की सोनपुर पंचायत के वार्ड-2 स्थित मुसहरी टोला की है। पुलिस के मुताबिक, पिंटू 4 अक्टूबर की शाम साइकिल से गेहूं पिसाने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
मंगलवार को करीब 3 बजे गांव के पास झाड़ियों में पिंटू का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मुजफ्फरपुर में टेंट कारोबारी के घर पहुंचा था पिंटू
पुलिस जांच में सामने आया कि पिंटू गांव के ही टेंट और डीजे कारोबारी के यहां करीब दो साल से काम करता था। सोमवार को कारोबारी ने उसे किसी काम से अपने घर भेजा था। आरोप है कि रात करीब 8 बजे जब कारोबारी घर पहुंचा तो उसने पिंटू को अपनी नाबालिग बेटी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया।
इसे भी पढ़ें : अनंत-नीरज विवाद पर नीतीश सख्त, कहा- चुनाव जीतना प्राथमिकता, बबाल जारी
पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने पिंटू की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को गांव के पास झाड़ियों में ले जाकर छिपाने का आरोप है।
परिजनों के पहुंचने पर बढ़ा शक
पिंटू के घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश करते हुए टेंट कारोबारी के घर पहुंचे। आरोप है कि कारोबारी ने पिंटू के अपने घर आने की बात से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों का शक और गहरा गया।
पिंटू की मां रंजू देवी ने कटरा थाने में आवेदन देकर बेटे की तलाश और कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मुजफ्फरपुर पुलिस की पूछताछ में खुला राज
पुलिस के अनुसार, पिंटू की मां के आवेदन के बाद सोमवार रात टेंट कारोबारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करने और शव छिपाने की जगह बताने की जानकारी पुलिस ने दी।
खबरें हमारे फेसबुक पर भी, लगातार खबरों के लिए फेसबुक से जुड़े
आरोपी की निशानदेही पर गांव से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों से पिंटू का शव बरामद किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया।
मुजफ्फरपुर में नाबालिग से जुड़ा मामला, तीन गिरफ्तार
कटरा थाना प्रभारी मनीष कुमार के अनुसार, मृतक की मां के बयान के आधार पर आरोपी की नाबालिग बेटी, पिता और मां को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, पिंटू की आरोपी की बेटी से नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले में सामने आए सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पढ़ाई के साथ काम करता था पिंटू
पिंटू नौवीं कक्षा का छात्र था। पढ़ाई के साथ वह मिट्टी की मूर्तियां बनाने का काम भी करता था। वह करीब दो वर्षों से टेंट कारोबारी के यहां काम कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, करीब एक महीने पहले वह मजदूरी के लिए दूसरे राज्य भी गया था।
निष्पक्ष ख़बर देखिये हमारे यूट्यूब चैनल पर: NDA में बगावत की आहट: UP की सभी 403 सीटों पर Chirag की ललकार, प्रेशर पॉलिटिक्स या BJP से मोलभाव ?
पिंटू तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुजफ्फरपुर हत्याकांड में पुलिस की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। एफएसएल जांच के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी केस की जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के बाद शव को झाड़ियों तक ले जाने में कौन-कौन शामिल था और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की क्या भूमिका रही। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
राज कुमार की रिपोर्ट
