बांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने वापस लिया नामांकन, पारिवारिक कारण बताया
पटना की बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए नामांकन वापस ले लिया। अब पार्टी नए उम्मीदवार की तलाश में जुट गई है।
पटना: बिहार की राजधानी पटना की चर्चित बांकीपुर उपचुनाव से जुड़ी एक बड़ी राजनीतिक हलचल सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार उर्फ बंटी ने अपना नामांकन वापस लेने का फैसला किया है। उन्होंने इस निर्णय के पीछे पारिवारिक कारण बताते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र सौंप दिया। इस अप्रत्याशित फैसले के बाद बांकीपुर उपचुनाव का राजनीतिक समीकरण बदलता नजर आ रहा है और अब बीजेपी नए उम्मीदवार की तलाश में जुट गई है।
पारिवारिक कारणों का हवाला देकर लिया फैसला
बीजेपी ने हाल ही में अभिषेक कुमार बंटी को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए एनडीए का उम्मीदवार घोषित किया था। उनके नामांकन के दौरान आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया था और उन्हें चुनाव के लिए शुभकामनाएं दी थीं। ऐसे में उनका अचानक नामांकन वापस लेने का फैसला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचकर अभिषेक कुमार बंटी ने अपना नाम वापस लेने की जानकारी दी और कहा कि वह निजी एवं पारिवारिक कारणों की वजह से चुनाव लड़ने में असमर्थ हैं।
मीडिया से क्या बोले अभिषेक कुमार बंटी?
मीडिया से बातचीत में अभिषेक कुमार बंटी ने कहा कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए का उम्मीदवार बनाया था, जिसके लिए वह पार्टी के प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पहले की तरह संगठन की सेवा करते रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा पत्र
अभिषेक कुमार बंटी ने बताया कि उन्होंने अपने निर्णय की जानकारी लिखित रूप में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को दे दी है। मीडिया के सामने उन्होंने वह पत्र भी पढ़कर सुनाया, जिसमें पारिवारिक कारणों से चुनाव लड़ने में असमर्थता जताई गई है।
इस दौरान मौजूद लोगों ने देखा कि पत्र पढ़ते समय अभिषेक कुमार बंटी काफी भावुक और गंभीर नजर आ रहे थे। वहीं कार्यक्रम में उपस्थित विधान परिषद सदस्य संजय मयूख भी शांत और उदास दिखाई दिए। हालांकि, नामांकन वापसी के पीछे पारिवारिक कारणों के अलावा किसी अन्य वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बीजेपी के सामने नया उम्मीदवार चुनने की चुनौती
अभिषेक कुमार बंटी के नामांकन वापस लेने के बाद अब बीजेपी के सामने कम समय में नया उम्मीदवार तय करने की चुनौती खड़ी हो गई है। पार्टी नेतृत्व जल्द ही नए प्रत्याशी के नाम पर निर्णय ले सकता है ताकि चुनावी अभियान प्रभावित न हो।
बांकीपुर सीट पहले से ही राज्य की सबसे चर्चित सीटों में शामिल है। ऐसे में बीजेपी उम्मीदवार के अचानक हटने से चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पार्टी इस सीट से किसे मैदान में उतारती है।
पटना से भूमि आर्या की रिपोर्ट
