मसौढ़ी में महिला टीचर की हत्या, खून से लथपथ मिला शव, करीबी पर शक, SIT गठित
मसौढ़ी में महिला टीचर का शव मिला, हत्या की जांच में SIT गठित
निष्कर्ष भारत, संवाददाता पटना। मसौढ़ी में महिला टीचर की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। बुधवार को कैलू बीघा स्थित घर के बेडरूम में 45 वर्षीय शिक्षिका लक्ष्मी देवी का शव खून से लथपथ हालत में मिला। वह पोठही मध्य विद्यालय में शिक्षिका थीं और वर्ष 2005 में प्रखंड शिक्षामित्र के तौर पर सेवा में आई थीं। बाद में शिक्षिका के पद पर बहाल हुई थीं।
मसौढ़ी घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। शुरुआती जांच में मसौढ़ी पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाला व्यक्ति महिला का परिचित हो सकता है। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपी की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
मसौढ़ी के घर में मिले कई अहम सुराग
मसौढ़ी पुलिस को घटनास्थल से कुछ ऐसे सामान मिले हैं, जिनसे यह संकेत मिल रहा है कि हत्या से पहले महिला के घर में किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी हो सकती है। घर की एक टेबल पर जूठी प्लेट में दो चम्मच मिले। किचन में चाय के दो इस्तेमाल किए हुए कप भी मिले हैं। इसके अलावा एक कड़ाही में पनीर की सब्जी के टुकड़े मिले।
टेबल पर पानी की तीन बोतलें भी थीं, जिनमें दो खाली और एक भरी हुई थी। इन चीजों को देखते हुए पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले लक्ष्मी देवी के घर कौन आया था। क्या उस व्यक्ति ने उनके साथ चाय या खाना खाया था और हत्या के बाद वह किस रास्ते से बाहर निकला, इसकी जांच की जा रही है।
चार दरवाजों ने बढ़ाई पुलिस की उलझन
मसौढ़ी एसडीपीओ राघव दयाल के अनुसार, महिला के घर में अंदर जाने के लिए चार दरवाजे हैं। इनमें एक मुख्य गेट है, दूसरा गली की ओर खुलता है, जबकि तीसरा गैराज की तरफ और चौथा गैराज से कुछ आगे की ओर खुलता है।
देखिये ख़बर हमारे यूट्यूब चैनल पर भी: Sanjay Singh पर इल्ज़ाम लगाने वाले अपने गिरेबान में झाँक ले,मंत्री ने कर दिया मानहानि का मुकदमा…
मसौढ़ी में जांच के दौरान तीन दरवाजे अंदर से लॉक मिले। एक दरवाजा अंदर से लॉक नहीं था। पुलिस को आशंका है कि हत्या करने वाला व्यक्ति वारदात के बाद इसी रास्ते से बाहर निकला होगा।
फिलहाल यह केवल जांच की एक दिशा है। पुलिस दरवाजों की स्थिति, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और आसपास के इलाकों में उपलब्ध जानकारी को जोड़कर घटनाक्रम की कड़ी समझने की कोशिश कर रही है।
पति से रात में हुई थी आखिरी बातचीत
लक्ष्मी देवी के पति ज्ञानचंद चौधरी गया के टेकारी में ग्रामीण कार्य विभाग में सहायक अभियंता हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब 9:45 बजे उनकी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी। गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे उन्होंने पत्नी को फोन किया। कई बार कॉल करने के बावजूद जब फोन नहीं उठा तो उन्हें चिंता हुई।
इसे भी पढ़िए…पटना में 1 करोड़ से अधिक की विदेशी शराब जब्त, 1109 कार्टन बरामद, ट्रक चालक समेत 6 तस्कर गिरफ्तार
इसके बाद उन्होंने स्कूल के शिक्षक बृजेश कुमार से संपर्क किया। शिक्षक ने बताया कि लक्ष्मी देवी बुधवार को विद्यालय नहीं पहुंची थीं। इसके बाद ज्ञानचंद ने अपने बेटे गौरव कुमार को फोन किया, जो उस समय प्रेम रोड मसौढ़ी स्थित अपने ननिहाल में था। उन्होंने बेटे से मां के घर जाकर जानकारी लेने को कहा।
बेटे ने खिड़की तोड़कर देखा तो मिला शव
गौरव जब घर पहुंचा तो उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी कोशिश के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने बगल के बरामदे से खिड़की तोड़कर अंदर देखा। अंदर बेड पर उसकी मां खून से लथपथ पड़ी थीं। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों को उम्मीद है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और शरीर पर आई चोटों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी।
मसौढ़ी हत्या में धारदार हथियार की आशंका
एसडीपीओ राघव दयाल के अनुसार, शुरुआती जांच में महिला की हत्या धारदार हथियार से किए जाने की आशंका है। हालांकि हत्या में इस्तेमाल हथियार और वारदात की पूरी परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है। पुलिस घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटा रही है। फोरेंसिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्या की प्रकृति और घटनाक्रम को स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा।
बेटी ने शाम को मां से की थी बात
जांच में यह भी सामने आया है कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे लक्ष्मी देवी की बेटी ने अपनी मां को फोन किया था। बेटी उस समय पिपरा स्थित नानी के घर पर थी और मसौढ़ी स्थित अपनी मां के घर आना चाहती थी।
बातचीत के दौरान लक्ष्मी देवी ने बेटी को उस समय घर आने से मना कर दिया था। इसके कुछ घंटे बाद रात करीब 9:45 बजे उनकी पति से बातचीत हुई थी। इसके बाद बुधवार सुबह से उनका फोन नहीं उठा। पुलिस अब इन फोन कॉल्स के समय और परिस्थितियों को भी जांच का हिस्सा बना रही है।
अलमारी से जेवर गायब होने का दावा
मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि घर में रखी गोदरेज अलमारी चाबी से खोली गई थी। उनका दावा है कि उसमें रखे सोने के कुछ जेवर गायब हैं। हालांकि, उन्होंने घटना को लूट के दौरान हुई हत्या मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि उनकी पत्नी की हत्या किसी परिचित व्यक्ति ने की हो सकती है। पुलिस इस दावे को भी जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है। लूट, पारिवारिक विवाद, परिचित व्यक्ति की भूमिका और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
SIT जांच में CCTV और कॉल डिटेल पर नजर
मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी अब तकनीकी साक्ष्यों पर भी काम कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा सकती है। इसके अलावा महिला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और घटना से पहले संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि मंगलवार शाम से बुधवार सुबह के बीच लक्ष्मी देवी से कौन-कौन लोग संपर्क में थे। फिलहाल मसौढ़ी में महिला शिक्षिका की हत्या का यह मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। घर से मिले दो चाय के कप, दो चम्मच, भोजन के अवशेष, खुले दरवाजे और जेवर गायब होने के दावे की पुलिस अलग-अलग कोण से जांच कर रही है।
राज कुमार की रिपोर्ट
