शपथ ग्रहण से 48 घंटे पहले बड़ी वारदात: शुभेंदु अधिकारी के करीबी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

शुभेंदु अधिकारी

भाजपा नेता और विपक्ष के प्रमुख चेहरे शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई।

शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या पर बंगाल की राजनीति में मचा हड़कंप, भाजपा ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण से ठीक 48 घंटे पहले राज्य की राजनीति को हिला देने वाली बड़ी घटना सामने आई है। भाजपा नेता और विपक्ष के प्रमुख चेहरे शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले में उनकी कार का ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस इसे सुनियोजित हत्या बता रही है। वहीं, जिस आवासीय परिसर के सामने यह हमला हुआ, वहां के सुरक्षा कर्मियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस फुटेज खंगाल रही है।

रात 10 बजे के आसपास चली गोलियां

जानकारी के मुताबिक, यह घटना मध्यमग्राम के शुबहम गार्डेनिया रेजिडेंस के सामने हुई। सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 से 10:10 बजे के बीच अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। उस समय वह सुरक्षा डेस्क पर मौजूद था।

आवाज सुनते ही वह गेट की तरफ भागा। गेट खोलकर बाहर देखा तो कुछ दूरी पर अफरा-तफरी का माहौल था। गार्ड के मुताबिक, हालात को देखते हुए उसने तुरंत रेजिडेंस का गेट बंद कर दिया।

सुरक्षा गार्ड ने पुलिस के शुरुआती दावे पर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने पहले कहा था कि हमलावर बाइक से इसी सड़क से भागे थे, लेकिन गार्ड का दावा है कि दोनों बाइक जेसोर रोड की ओर नहीं गईं। उसके अनुसार, हमलावर दोहरिया की तरफ अंदरूनी रास्तों से फरार हुए।

तीन हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में अब तक सामने आया है कि इस पूरी साजिश में कुल तीन हमलावर शामिल थे। इनमें एक चार पहिया वाहन चला रहा था, जबकि दो अन्य बाइक पर सवार थे।

सूत्रों के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ अपनी कार में सवार होकर जा रहे थे। उनके साथ ड्राइवर और पीछे की सीट पर मिंटू नामक एक व्यक्ति मौजूद था, जिसे उनका करीबी बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले अपनी कार चंद्रनाथ रथ की गाड़ी के सामने लगाकर रास्ता रोक दिया। अचानक सामने वाहन आने के कारण ड्राइवर को कार रोकनी पड़ी। इसी दौरान दोनों तरफ से बाइक सवार हमलावर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

शीशा तोड़कर मारी गई गोलियां

जांच एजेंसियों के अनुसार, हमलावर यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि चंद्रनाथ रथ बच न पाएं। इसी वजह से पहले कार की खिड़की के शीशे पर गोली चलाई गई। जैसे ही शीशे में छेद हुआ, हमलावरों ने उसी जगह से लगातार गोलियां दागनी शुरू कर दीं।

चंद्रनाथ रथ को कुल तीन गोलियां लगीं, जिससे मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई। दूसरी ओर, ड्राइवर को भी दूसरी तरफ से चली गोली लगी और वह घायल हो गया। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर का इलाज जारी है।

CCTV फुटेज से खुल सकते हैं कई राज

घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज पुलिस के हाथ लगी है। शुरुआती जांच में कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावर पहले से इलाके की रेकी कर रहे थे या नहीं।

सूत्रों का कहना है कि हमलावरों ने भागने के लिए मुख्य सड़क की बजाय अंदरूनी रास्तों का इस्तेमाल किया, ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके। इससे साफ संकेत मिलते हैं कि हत्या की पूरी योजना बेहद बारीकी से बनाई गई थी।

राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप

चंद्रनाथ रथ को Suvendu Adhikari का बेहद करीबी माना जाता था। ऐसे में शपथ ग्रहण समारोह से ठीक पहले हुई इस हत्या ने बंगाल की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। भाजपा नेताओं ने घटना को कानून-व्यवस्था की विफलता बताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है।

भाजपा कार्यकर्ताओं में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि कई टीमों का गठन कर जांच तेज कर दी गई है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

पुलिस कई एंगल से कर रही जांच

जांच एजेंसियां इस हत्याकांड को राजनीतिक रंजिश, व्यक्तिगत दुश्मनी और पेशेवर सुपारी किलिंग जैसे कई एंगल से देख रही हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि हमलावरों की गतिविधियों और फायरिंग के तरीके से साफ है कि वे प्रशिक्षित थे।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए हैं। मौके से कारतूस के खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस आसपास के इलाकों के CCTV कैमरे भी खंगाल रही है ताकि हमलावरों के भागने का पूरा रूट पता लगाया जा सके।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद मध्यमग्राम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है।

इस सनसनीखेज हत्याकांड ने एक बार फिर पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।

Nishkarsh Bharat

पटना से भूमि आर्या की रिपोर्ट

You may have missed