मोतिहारी में शराब पार्टी के बाद युवक की हत्या, चाकू से किए 24 वार, मची सनसनी
मोतिहारी में शराब पार्टी के बाद युवक की हत्या, चाकू से 24 वार
निष्कर्ष भारत, संवाददाता ( मोतिहारी)। मोतिहारी में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर में रेतवा नदी किनारे मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के शरीर पर चाकू से करीब दो दर्जन वार किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान मोतिहारी के जयसिंहपुर खिरुआ बाजार निवासी भूलन साह के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात करीब आठ बजे सुनील साह का पुत्र और दो अन्य युवक दीपक को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह नदी किनारे शव मिलने की सूचना पर परिजन घटनास्थल पहुंचे।
मोतिहारी में नदी किनारे मिला युवक का शव
शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दीपक का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें : मोतिहारी में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से 4 बच्चियों की मौत, मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी दिलीप कुमार, तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार और दारोगा मनीष राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
चाकू से करीब 24 वार, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीपक के शरीर पर चाकू से करीब 24 वार किए गए हैं। हत्या किस वजह से की गई और वारदात में कितने लोग शामिल थे, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
निष्पक्ष ख़बर देखिये हमारे यूट्यूब चैनल पर: NDA में बगावत की आहट: UP की सभी 403 सीटों पर Chirag की ललकार, प्रेशर पॉलिटिक्स या BJP से मोलभाव ?
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले सबूतों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
मोतिहारी हत्याकांड में शराब पार्टी का एंगल
घटनास्थल से मीट-भूंजा और शराब की खाली पाउच मिलने की बात सामने आई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले दीपक और उसके साथ गए युवकों ने वहां खाना-पीना किया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
खबरें हमारे फेसबुक पर भी, लगातार खबरों के लिए फेसबुक से जुड़े
यही वजह है कि पुलिस सोमवार रात दीपक के साथ घर से निकले युवकों के बारे में जानकारी जुटा रही है। उनके साथ दीपक की आखिरी बार कहां और किस परिस्थिति में मौजूदगी थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि मामले में छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मृतक के परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

घटना के बाद इलाके में कई तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि हत्या की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि दीपक को घर से कौन लोग बुलाकर ले गए थे और नदी किनारे उसकी हत्या क्यों की गई।
राज कुमार की रिपोर्ट
