पटना में मिठाई दुकानों पर एक्शन, खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, नकली मिठाई जब्त, कई का लाइसेंस रद्द
पटना में मिठाई दुकानों पर छापेमारी, स्वीट होम के लाइसेंस रद्द
निष्कर्ष भारत, संवाददाता ( पटना)। त्योहारों के मौसम में मिठाई खरीदने से पहले सावधान हो जाइए। पटना में खाद्य संरक्षा विभाग ने मिठाई बनाने वाली फैक्ट्रियों और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया है। जांच के दौरान एक्सपायरी सामग्री, खराब खाद्य पदार्थ और स्वच्छता में गंभीर कमियां मिलने पर कई प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बुद्धा कॉलोनी स्थित स्वीट होम के दो कारखानों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए, जबकि कोजी स्वीट्स का लाइसेंस निलंबित किया गया है। इसके अलावा कई अन्य प्रतिष्ठानों से मिठाई और खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई गई।
खाद्य विभाग की यह कार्रवाई आगामी त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है। 12 अक्टूबर 2026 तक राज्य के विभिन्न जिलों में मिठाई दुकानों, खाद्य निर्माण इकाइयों, रेस्तरां और अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कई जगहों पर खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
पटना में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की सख्ती
सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था, रसोई की साफ-सफाई और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की जांच की जा रही है।
निष्पक्ष ख़बर देखिये हमारे यूट्यूब चैनल पर: जन सुराज का शक्ति प्रदर्शन:Dr. Rajnish Ranjan के नामांकन में पहुंचे PK, कोसी सीट पर बदला चुनावी गणित
अधिकारियों का ध्यान खास तौर पर इस बात पर है कि कहीं मिठाई बनाने में एक्सपायरी सामग्री या खराब हो चुके उत्पादों का इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही सुरक्षित पेयजल, जल निकासी और कीट नियंत्रण की व्यवस्था भी देखी जा रही है। जांच में गड़बड़ी मिलने पर प्रतिष्ठानों को नोटिस देने से लेकर लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई की जा रही है।
स्वीट होम के दो कारखानों के लाइसेंस रद्द
बुद्धा कॉलोनी स्थित मेसर्स स्वीट होम कारखाने में निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी बेसन, मैदा और आटा पाया गया। विभाग ने करीब 18,335 रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त की। इसमें 70 किलोग्राम एक्सपायरी बेसन शामिल था, जिसकी कीमत लगभग 6,300 रुपये बताई गई। इस बेसन को कारखाने में ही नष्ट करा दिया गया।
इसके अलावा पनीर, खोवा, मैदा और आटा के चार नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। पाई गई अनियमितताओं के आधार पर कारखाने का लाइसेंस रद्द कर दिया गया।
खबरें हमारे फेसबुक पर भी, लगातार खबरों के लिए फेसबुक से जुड़े
इसी तरह बुद्धा कॉलोनी स्थित मेसर्स स्वीट होम कन्फेक्शनरी कारखाने में एक्सपायरी कस्टर्ड पाउडर, क्यूमी फ्लेवर सल्फेट और बेकिंग पाउडर मिलने पर इन्हें जब्त कर नष्ट कराया गया। यहां से आटा, बेसन, शुगर-फ्री लिक्विड और काजू-कोकोनट बिस्किट समेत पांच नमूने जांच के लिए भेजे गए। विभाग ने इस कारखाने का लाइसेंस भी रद्द कर दिया है।
कोजी स्वीट्स का लाइसेंस निलंबित, तीन दिन में जवाब
बुद्धा कॉलोनी स्थित मेसर्स कोजी स्वीट्स कारखाने में भी जांच के दौरान अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद विभाग ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया। संचालक से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

कारखाने से गुड़ और चमचम मिठाई के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इन नमूनों की जांच रिपोर्ट से मिठाइयों की गुणवत्ता के संबंध में आगे की कार्रवाई तय करने में मदद मिलेगी।
शिवम स्वीट्स से एक लाख की मिठाई जब्त
रामकृष्ण नगर के ईस्ट लक्ष्मी नगर स्थित मेसर्स शिवम स्वीट्स में खाद्य विभाग की कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में मिठाई जब्त की गई। यहां से 630 किलोग्राम कलाकंद, 10 किलोग्राम बर्फी और पांच किलोग्राम लड्डू बरामद किए गए। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। जब्त मिठाइयों को नष्ट करा दिया गया।
अधिकारियों ने कलाकंद, बर्फी, लड्डू और सिल्वर लीफ के कुल चार नमूने भी जांच के लिए भेजे। निरीक्षण में पानी की जांच रिपोर्ट और कारीगरों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिले। मिठाई बनाने में स्किम्ड मिल्क पाउडर का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी भी सामने आई। विभाग ने प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार के लिए 14 दिनों का नोटिस दिया है।
इसे भी पढ़ें : पटना में पुलिस की छापेमारी, 2000 लीटर देसी शराब बरामद; मुख्य कारोबारी फरार
नेहा ट्रेड्स में खराब मिल्क पाउडर मिलने से हड़कंप
पटना के इंदिरा नगर स्थित मेसर्स नेहा ट्रेड्स में निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई से जुड़ी गंभीर कमियां मिलीं। प्रतिष्ठान से 31 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर, 34 किलोग्राम सूजी, 20 किलोग्राम मिल्क केक मिठाई और 14 किलोग्राम चीनी जब्त कर नष्ट कराई गई।
जांच में स्किम्ड मिल्क पाउडर में सड़न, दुर्गंध और फंगस की वृद्धि पाई गई। प्रतिष्ठान की दीवारें और फर्श भी क्षतिग्रस्त थे, जबकि शौचालय की स्थिति गंदी मिली। अधिकारियों ने डोडा बर्फी, स्किम्ड मिल्क पाउडर और मिल्क केक के तीन नमूने प्रयोगशाला भेजे हैं।
अन्य प्रतिष्ठानों को भी सुधार का निर्देश
पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया स्थित हरि लाल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड से सादा चमचम मिठाई और गजक के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज सिस्टम सुधारने और स्वच्छता मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया। प्रतिष्ठान को 14 दिनों का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।

बुद्ध मार्ग स्थित पटना बिरयानी महल से चाट मसाला और दालचीनी के नमूने जांच के लिए भेजे गए। यहां पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल के रिकॉर्ड और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं मिले। विभाग ने आवश्यक सुधार करने को कहा है।
वहीं, पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बीकानेर कारखाने में वेफर्स के पैकेट पर 13 अक्टूबर 2026 की एक्सपायरी तिथि अंकित थी। दोबारा इस्तेमाल की आशंका को रोकने के लिए संबंधित वेफर्स नष्ट करा दिए गए। कारखाने से काजू और किशमिश के दो नमूने भी जांच के लिए भेजे गए।
त्योहारों में मिठाई खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान?
खाद्य विभाग ने कारोबारियों को निर्देश दिया है कि वे एक्सपायरी या खराब सामग्री का इस्तेमाल और बिक्री न करें। खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई, पेयजल की गुणवत्ता और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता सुनिश्चित करना अनिवार्य है।
त्योहारों में मिठाई खरीदते समय ग्राहकों को भी सावधानी बरतनी चाहिए। मिठाई की ताजगी, रंग, गंध और रखरखाव पर ध्यान दें। पैक की गई मिठाइयों पर निर्माण और उपयोग की अंतिम तिथि जरूर देखें। असामान्य गंध, फंगस या खराब स्थिति वाली मिठाई खरीदने से बचें।
खाद्य संरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। त्योहारों के दौरान जांच अभियान तेज रखा जाएगा, ताकि लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंच सके।
राजकुमार सिंह की रिपोर्ट
