SBI ग्राहकों के लिए बड़ी राहत: 25-26 मई की बैंक हड़ताल टली, सभी शाखाएं रहेंगी खुली
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक State Bank of India यानी SBI के करोड़ों ग्राहकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। 25 और 26 मई 2026 को प्रस्तावित बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है।
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक State Bank of India यानी SBI के करोड़ों ग्राहकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। 25 और 26 मई 2026 को प्रस्तावित बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है। इसके बाद अब सोमवार और मंगलवार को देशभर में SBI की सभी शाखाएं सामान्य दिनों की तरह खुली रहेंगी और ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इस फैसले से खासकर उन ग्राहकों को राहत मिली है जो नकद निकासी, चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट, लोन से जुड़ी सेवाओं और अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए शाखाओं पर निर्भर रहते हैं। अगर यह हड़ताल होती तो मई के चौथे शनिवार, रविवार और कुछ राज्यों में ईद की छुट्टियों के कारण लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती थीं।
मुंबई बैठक के बाद टली हड़ताल
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मुंबई में बैंक प्रबंधन और All India SBI Staff Federation के प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बातचीत सकारात्मक रहने के बाद कर्मचारी संघ ने प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने का फैसला लिया।
एसबीआई स्टाफ एसोसिएशन बंगाल सर्किल के सचिव सुदीप दत्ता और महासंघ के महासचिव एल. चंद्रशेखर ने बताया कि बैंक प्रबंधन ने कर्मचारियों की कई प्रमुख मांगों पर सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिया है। इसी आश्वासन के बाद कर्मचारी संगठनों ने फिलहाल आंदोलन टालने का निर्णय लिया।
52 करोड़ ग्राहकों को मिली राहत
SBI देश का सबसे बड़ा बैंक है और इसके लगभग 52 करोड़ ग्राहक हैं। बैंक ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि 25 और 26 मई को सभी शाखाएं सामान्य रूप से काम करेंगी।
अगर हड़ताल होती तो बैंकिंग सेवाओं पर व्यापक असर पड़ सकता था। एटीएम में नकदी की समस्या, चेक क्लियरेंस में देरी, ऑनलाइन बैंकिंग सहायता प्रभावित होने और शाखाओं में लंबी कतारों जैसी परेशानियां सामने आ सकती थीं।
कई राज्यों में ईद की छुट्टियों और सप्ताहांत के कारण लगातार कई दिनों तक बैंक बंद रहने की संभावना थी, जिससे आम लोगों, व्यापारियों और छोटे कारोबारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता।
क्या थीं कर्मचारियों की मुख्य मांगें?
यह पूरा विवाद कर्मचारियों पर बढ़ते काम के दबाव और स्टाफ की कमी को लेकर शुरू हुआ था। ऑल इंडिया SBI स्टाफ फेडरेशन ने बैंक प्रबंधन के सामने 16 सूत्रीय मांग पत्र रखा था।
कर्मचारी संगठनों का कहना था कि बैंक की कई शाखाओं में क्लर्कों, संदेशवाहकों और आर्म्ड गार्ड्स की भारी कमी है। कम कर्मचारियों के कारण मौजूदा स्टाफ पर काम का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
इसके अलावा कर्मचारी संघ आउटसोर्सिंग नीति का भी विरोध कर रहे थे। उनका आरोप था कि स्थायी पदों पर बाहरी एजेंसियों के जरिए कर्मचारियों की नियुक्ति की जा रही है, जिससे नियमित नौकरियों पर असर पड़ रहा है।
ट्रांसफर और पेंशन से जुड़े मुद्दे भी बने कारण
कर्मचारी लंबे समय से इंटर-सर्किल ट्रांसफर में तेजी लाने की मांग कर रहे थे। कई कर्मचारियों का कहना था कि वर्षों से उनके तबादले लंबित पड़े हैं, जिससे पारिवारिक और व्यक्तिगत परेशानियां बढ़ रही हैं।
इसके साथ ही पेंशन से जुड़े पुराने मामलों के समाधान, मेडिकल खर्च की प्रतिपूर्ति और कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधाओं की मांग भी प्रमुख मुद्दों में शामिल थी।
कर्मचारी संगठनों का कहना था कि बैंक कर्मचारियों पर काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सुविधाओं और मानव संसाधनों में उसी अनुपात में सुधार नहीं किया जा रहा।
बैंक प्रबंधन ने दिया भरोसा
बैठक के दौरान SBI प्रबंधन ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेने और चरणबद्ध तरीके से समाधान निकालने का आश्वासन दिया। सूत्रों के मुताबिक, स्टाफ की कमी, ट्रांसफर नीति और मेडिकल सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर जल्द सकारात्मक कदम उठाने की बात कही गई है।
इसी आश्वासन के बाद कर्मचारी संघों ने नरमी दिखाते हुए फिलहाल हड़ताल वापस लेने का फैसला किया। हालांकि यूनियन नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में फिर आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है।
आम लोगों और कारोबारियों को बड़ी राहत
हड़ताल टलने से आम ग्राहकों के साथ-साथ व्यापारियों, छोटे कारोबारियों और उद्योग जगत को भी राहत मिली है। महीने के आखिरी सप्ताह में वेतन, व्यापारिक भुगतान और बैंकिंग लेनदेन बढ़ जाते हैं। ऐसे समय में बैंक बंद रहने से आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती थीं।
विशेषज्ञों का मानना है कि SBI जैसी बड़ी बैंक में हड़ताल का असर पूरे बैंकिंग सेक्टर पर दिखाई देता। ऐसे में समय रहते समाधान निकलना ग्राहकों और बैंक दोनों के लिए फायदेमंद साबित हुआ है।
फिलहाल बैंक और कर्मचारी संगठनों के बीच तनाव कम होता दिखाई दे रहा है। अब ग्राहकों को 25 और 26 मई को बैंकिंग सेवाओं के लिए किसी अतिरिक्त परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और सभी शाखाएं पहले की तरह सामान्य रूप से काम करती रहेंगी।
पटना से भूमि आर्या की रिपोर्ट
