बेतिया में कार से 10 बोरी गांजा बरामद, चालक गिरफ्तार, अंतर्राष्टीय बाजार में 2 करोड़ का मूल्य

बेतिया में 118 किलो गांजा बरामद

बेतिया में कार से 1.18 क्विंटल गांजा बरामद, चालक गिरफ्तार

निष्कर्ष भारत, संवाददाता (बेतिया)। बेतिया में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मझौलिया थाना क्षेत्र में शनिवार की अहले सुबह पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कार से 1 क्विंटल 18 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने गांजा लदी कार को जब्त करने के साथ उसके चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

कार्रवाई धोकराहा पंचायत के वार्ड नंबर-2 स्थित नुनिया टोला इलाके में की गई। पुलिस के मुताबिक, उसे सूचना मिली थी कि एक कार में गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने संभावित रास्ते पर घेराबंदी कर दी।

गांजा लदी कार को देखकर चालक ने बदला रास्ता

पुलिस की घेराबंदी के दौरान गांजा लदी कार वहां से गुजर रही थी। पुलिस टीम को देखते ही चालक ने वाहन को गांव के सरेह की तरफ मोड़ दिया और भागने की कोशिश की। पुलिस ने तत्काल कार का पीछा शुरू कर दिया।

भागने के दौरान कार बांस के पास सरेह में फंस गई। इसके बाद पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर उसकी तलाशी शुरू की।

कार में 10 बोरों में रखा था गांजा

तलाशी के दौरान कार के अंदर गांजा से भरे 10 बोरे मिले। पुलिस ने सभी बोरों को बाहर निकालकर उनका वजन कराया। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे का कुल वजन 1 क्विंटल 18 किलो 300 ग्राम है।

इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया। जब्त वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर BR-01-CY-1200 बताया गया है। बरामद गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।

बेतिया में गांजा तस्करी का आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार चालक की पहचान बलथर थाना क्षेत्र निवासी श्यामू कुमार उर्फ श्यामू यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के जरिए पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

निष्पक्ष ख़बर देखिये हमारे यूट्यूब चैनल पर: IIT Patna में पुलिस और दिग्गजों की मौजूदगी .. शराब और शबाब’ वाली महफिल का सच क्या ?

मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार के अनुसार, पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।

कहां से आई गांजे की खेप, जांच जारी

पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस खेप के पीछे कौन लोग हैं और क्या इससे पहले भी इसी रास्ते से मादक पदार्थों की तस्करी की गई है। पुलिस को उम्मीद है कि चालक से पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।

गांजा तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस की नजर

मझौलिया इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में गांजा पकड़े जाने के बाद पुलिस की कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। पुलिस अब बरामदगी के साथ-साथ इसके स्रोत और संभावित डिलीवरी प्वाइंट की जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मामले की आगे की जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने गांजा, कार और गिरफ्तार चालक को अपनी कार्रवाई के दायरे में ले लिया है। पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य कड़ियों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Nishkarsh Bharat

अमन कुमार की रिपोर्ट

You may have missed