त्योहारी सीजन में इलेक्ट्रॉनिक्स होंगे महंगे, AC से लेकर TV और फ्रिज तक के दाम बढ़ेंगे
AC से लेकर TV और फ्रिज तक के दाम बढ़ेंगे
निष्कर्ष भारत संवाददाता- त्योहारी सीजन में इलेक्ट्रॉनिक्स और कंज्यूमर अप्लायंसेज खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए जरूरी खबर है। 1 अक्टूबर 2026 से AC, LED TV, वॉशिंग मशीन और रेफ्रिजरेटर समेत कई घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामानों की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। कंपनियां कच्चे माल की बढ़ती लागत और करेंसी में उतार-चढ़ाव के बीच प्रोडक्ट्स की कीमतों में बदलाव की तैयारी कर रही हैं। कुछ कंपनियों ने कीमत बढ़ाने की पुष्टि भी कर दी है।
AC की कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञों के मुताबिक, AC की कीमतों पर सबसे ज्यादा असर पड़ सकता है। एयर कंडीशनर के दाम करीब 5% से 8% तक बढ़ने की संभावना है।
वहीं, वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और LED TV जैसे प्रोडक्ट्स की कीमतों में करीब 3% से 4% तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हालांकि, अलग-अलग कंपनियों और मॉडल के आधार पर कीमतों में बदलाव अलग हो सकता है।
कई कंपनियों ने कीमत बढ़ाने की तैयारी की
इंडस्ट्री में काम करने वाली कई बड़ी कंपनियों ने प्राइस हाइक की जानकारी दी है। ब्लू स्टार, गोदरेज एप्लायंसेज, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रोनिक्स समेत कई कंपनियां कीमतों में बढ़ोतरी की तैयारी कर रही हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ कंपनियों ने 4% से 10% तक की बढ़ोतरी की पुष्टि की है। वहीं LG और Bosch Home Comfort (Hitachi) ने AC की कीमतों में करीब 5% तक की बढ़ोतरी कर दी है।
Panasonic फिलहाल लागत और बाजार की स्थिति की समीक्षा कर रही है। कंपनी समीक्षा के बाद कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर फैसला ले सकती है।
कॉपर की कीमत बढ़ना बड़ी वजह
इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों के लिए कॉपर, स्टील और एल्युमीनियम जैसे कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी चिंता का विषय बनी हुई है। इसके अलावा क्रूड ऑयल से जुड़े इनपुट कॉस्ट और विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव का भी कंपनियों की लागत पर असर पड़ रहा है।
AC बनाने में कॉपर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। हायर इंडिया के प्रेसिडेंट एनएस सतीश के मुताबिक, कॉपर की कीमत पिछले एक साल में करीब 8,000-9,000 डॉलर से बढ़कर 14,500 डॉलर प्रति मीट्रिक टन तक पहुंच गई है। एक AC में करीब 3 से 4 किलो कॉपर का इस्तेमाल होता है।
1 अक्टूबर से AC 5% तक महंगा करने की तैयारी
हायर इंडिया ने 1 अक्टूबर से AC की कीमतों में करीब 5% बढ़ोतरी की बात कही है। कंपनी के मुताबिक, बढ़ती इनपुट कॉस्ट के कारण कीमतों में चरणबद्ध तरीके से और भी बढ़ोतरी हो सकती है।
हायर इंडिया के प्रेसिडेंट एनएस सतीश ने बताया कि अक्टूबर से जनवरी के बीच अलग-अलग चरणों में कुल कीमत वृद्धि करीब 15% तक पहुंच सकती है। हालांकि, वास्तविक बढ़ोतरी प्रोडक्ट और बाजार की स्थिति के आधार पर अलग हो सकती है।
2026 में तीसरी बार बढ़ सकती हैं कीमतें
कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री के लिए 2026 में यह कीमतों में तीसरी बढ़ोतरी होगी। इससे पहले भी कंपनियां बढ़ती उत्पादन लागत और कच्चे माल की कीमतों के दबाव के बीच प्रोडक्ट्स के दाम में बदलाव कर चुकी हैं।
कंपनियों का कहना है कि लगातार बढ़ती लागत का पूरा बोझ लंबे समय तक कंपनियां खुद नहीं उठा सकतीं। इसलिए इसका कुछ हिस्सा प्रोडक्ट की कीमतों के जरिए ग्राहकों तक पहुंचाया जा रहा है।
दिवाली तक पुरानी कीमतों पर मिल सकता है सामान
कीमतों में बढ़ोतरी की खबर के बावजूद ग्राहकों को दिवाली तक कुछ राहत मिल सकती है। इसकी वजह डीलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास मौजूद पुराना स्टॉक है।
इंडस्ट्री के मुताबिक, अगस्त और सितंबर में कई डीलर्स ने प्री-बाइंग स्कीम के तहत पहले ही बड़ी मात्रा में सामान खरीद लिया था। इसके चलते सप्लाई पाइपलाइन में करीब 1 से 1.5 महीने का पुराना स्टॉक मौजूद है।
यानी कंपनियों की नई कीमत लागू होने के बाद भी पुराने स्टॉक के कारण कुछ समय तक ग्राहकों को पुराने दाम पर AC, TV, फ्रिज और वॉशिंग मशीन मिल सकते हैं।
दिवाली के बाद दिख सकता है कीमतों का पूरा असर
कंपनियों और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का मानना है कि त्योहारी सीजन की बिक्री पर कीमत बढ़ने का असर शुरुआती दौर में सीमित रह सकता है। इसका कारण बाजार में मौजूद पुराना स्टॉक और दिवाली ऑफर्स हो सकते हैं।
हालांकि, जैसे-जैसे पुराना स्टॉक खत्म होगा और नई कीमत वाली खेप बाजार में पहुंचेगी, ग्राहकों को बढ़े हुए दाम का असर ज्यादा स्पष्ट दिखाई दे सकता है। ऐसे में अगर कोई ग्राहक AC, LED TV, फ्रिज या वॉशिंग मशीन खरीदने की योजना बना रहा है तो उसे अलग-अलग ब्रांड के ऑफर्स और मौजूदा स्टॉक की कीमतों की तुलना करनी चाहिए।
भूमि आर्या की रिपोर्ट
